Viral News: सोशल मीडिया पर इन दिनों हमास की थीम पर बने केक और बेकरी की काफी ज्यादा आलोचना हो रही है। दरअसल, चार वर्षीय बच्चे के जन्मदिन के केक पर हमास थीम थी इस पर फिलिस्तीनी झंडे भी बने हुए थे। इतना ही नहीं एक पर हमास के एक आतंकी की फोटो भी बनी हुई थी। इस केक को देख सोशल मीडिया पर लोगों का पारा हाई हो गया। बता दें कि, इस केक को सिडनी की एक बेकरी ने डिज़ाइन किया था, जिसने सोशल मीडिया पर इन फोटोज को बेधड़क शेयर किया था। हालांकि, इंटरनेट पर छिड़े युद्ध के बाद बेकरी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से सभी फोटोज डिलीट कर दीं। न्यूज़ डॉट कॉम डॉट एयू की एक रिपोर्ट के अनुसार, ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस वर्तमान में मामले की जांच कर रही है।
हमास के प्रवक्ता की लगाई फोटो
सिडनी की ओवन बेकरी बाय फूफू ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर फोटोज शेयर की थीं। इनमें एक बच्चे को एक बड़े केक के बगल में खड़ा दिखाया गया। उस केक पर फिलिस्तीनी झंडा और हमास के प्रवक्ता अबू उबैदा की तस्वीर लगी हुई थी। बच्चे ने केक पर दिख रहे व्यक्ति की तरह कपड़े पहने और सिर पर स्कार्फ बांधकर उसी स्टाइल में खड़े होने की कोशिश की। हालांकि हमास अधिकारी की तस्वीर फिलिस्तीनी झंडे वाले कुछ कपकेक पर भी दिखाई दी।
बेकरी की हर तरफ आलोचना
हमास थीम पर बने केक को देखने के बाद लोगों ने मिली-जुली प्रतिक्रिया दी। कुछ लोगों ने केक के लिए बेकरी की सराहना की और लड़के को "चैंपियन" कहा। इससे इतर कई लोगों ने केक को गलत बताते हुए इस तरह की असंवेदनशील थीम पर केक डिजाइन करने के परिवार के फैसले की आलोचना की। ऑस्ट्रेलियाई यहूदी समूह के सीईओ रॉबर्ट ग्रेगरी ने डेली टेलीग्राफ को बताया कि, 'किसी बच्चे को आतंकवादी की तरह कपड़े पहनाना, जिसमें हमास का हेडबैंड भी शामिल हो, निंदनीय है और यह बाल शोषण का एक रूप है।' ऑस्ट्रेलियाई राजनीतिज्ञ क्रिस मिन्स ने तस्वीरों को डरावना बताते हुए कहा कि, 'बच्चों की पार्टियां मासूम और मज़ेदार होनी चाहिए, न कि घृणास्पद।' ऑस्ट्रेलिया सरकार के विदेश मामलों और व्यापार विभाग के अनुसार, 'देश ने हमास को एक आतंकवादी संगठन के रूप में सूचीबद्ध किया है। पिछले साल फिलिस्तीन में युद्ध के खिलाफ प्रदर्शनों के दौरान हुई यहूदी विरोधी घटनाओं की लहर के बाद, इसका समर्थन करना अवैध है।'
