गुजरात के करजन में नेशनल हाईवे-48 के पास एक पेट्रोल पंप पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब CNG भरवाने के दौरान एक कार में अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास खड़े लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही कार के टूटे शीशे और धातु के टुकड़े इधर-उधर जा गिरे। इस घटना का वीडियो (Video) सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोग भी इस बात को लेकर हैरान हैं कि आखिर CNG भरवाते समय कार में इतना जोरदार धमाका कैसे हो गया।
सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुआ यह खौफनाक मंजर (Facebook/@ETNow)
CNG भरवाते समय अचानक हुआ ब्लास्ट
बताया जा रहा है कि घटना गुजरात के करजन के पास नेशनल हाईवे-48 पर स्थित एक फ्यूल स्टेशन की है। CNG कार में गैस भरी जा रही थी। इसी दौरान अचानक वाहन के पिछले हिस्से में जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके के बाद कार का पिछला हिस्सा लगभग पूरी तरह टूट गया। विस्फोट की ताकत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि धातु के हिस्से और कांच के टुकड़े आसपास के इलाके में बिखर गए। घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों में भी कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आसपास खड़े दो अन्य वाहन भी इस धमाके की चपेट में आ गए और उन्हें नुकसान पहुंचा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
कार में नहीं था कोई, टला बड़ा हादसा
इस पूरी घटना में सबसे राहत की बात यह रही कि धमाके के वक्त कार के अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसी वजह से एक बड़ा हादसा टल गया। अगर कार के अंदर कोई बैठा होता या वाहन के बेहद करीब लोग खड़े होते, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। धमाके के बाद फ्यूल स्टेशन पर मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। इलाके को संभाला गया और घटना की जांच शुरू की गई। फिलहाल धमाके की असली वजह जांच का विषय है। शुरुआती जानकारी में CNG सिस्टम में किसी तकनीकी खराबी या टैंक के अंदर अत्यधिक दबाव को संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, आधिकारिक जांच पूरी होने के बाद ही ब्लास्ट की सही वजह सामने आ सकेगी।
VIDEO देखकर लोगों के उड़े होश
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो (Viral Video) में धमाके के बाद कार की हालत देखकर लोग हैरान हैं। कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई देता है और आसपास के वाहनों को भी नुकसान नजर आता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
