नेपाल की राजधानी काठमांडू इन दिनों आग और धुएं से लिपटी हुई है। भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और सोशल मीडिया पर लगाए गए बैन के खिलाफ Gen Z युवाओं का आंदोलन पूरे देश में हिंसक रूप ले चुका है। संसद भवन, सरकारी कार्यालयों और राजनेताओं के निजी बंगलों में आग लगाने के वीडियो इस वक्त हर जगह देखने को मिल रहे हैं। इसी क्रम में एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर आग लगा दी, जिसमें देखा जा सकता है कि पीछे धूं-धूं कर जल रही सरकारी इमारत के सामने एक प्रदर्शनकारी बेफिक्र होकर डांस करते हुए रील बना रहा है। इस वीडियो को देखने के बाद लोगों की तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। जहां कई लोगों ने इस वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "जले पर नमक छिड़कना इसे ही कहते हैं।"
जलते हुए सरकारी इमारत के सामने डांस करता Gen Z प्रदर्शनकारी (Times Now)
जलती हुई इमारत के सामने डांस करते हुए रील बनवाते दिखे Gen Z प्रदर्शनकारी
वायरल हो रहे इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक प्रदर्शनकारी नेपाली झंडा लपेटे हुए संसद भवन के बाहर जलती हुई इमारत के ठीक सामने खड़ा है। पीछे धुआं और आग की लपटें उठ रही हैं, लेकिन वह बेफिक्र होकर किसी नेपाली गाने पर डांस करते हुए रील बनवा रहा है। वह सिर्फ रील ही नहीं बनवा रहा, बल्कि वह उस मोमेंट को बहुत ही एन्जॉय कर रहा है, जबकि पूरे देश में आगजनी और उपद्रव जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। वहीं, उसके दोस्त हाथ में कैमरा पकड़ हंसते हुए वीडियो रिकॉर्ड कर रहे हैं। ऐसा लग रहा है जैसे वे किसी पार्टी में शामिल होने गए हों।
वीडियो पर कुछ ऐसी रही लोगों की प्रतिक्रिया
फिलहाल सोशल मीडिया पर यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है। तमाम लोग इस वीडियो को इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर कर रहे हैं। इस वीडियो को देखने के बाद लोगों की प्रतिक्रिया भी सामने आ रही है। जहां कुछ लोगों ने इसे "क्रांति का मजा" बताया, तो कुछ ने इसे "मूर्खता चरम पर" करार दिया। जैसे वीडियो पर एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, "ये लोग क्रांति कर रहे हैं या रील्स के लिए पूरे देश को जला रहे हैं?" दूसरे ने लिखा, "जले पर नमक छिड़कना इसे ही कहते हैं—क्यों, सही कहा न!"
