वृंदावन की भक्ति और आस्था से जुड़ा एक और वीडियो (Video) इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि कुछ विदेशी महिला और पुरुष श्रद्धालु राधा कुंड में दंडवत परिक्रमा करते दिखाई दे रहे हैं। सबसे खास बात यह है कि यह परिक्रमा उन्होंने भीषण गर्मी के बीच की, मगर उनके चेहरे पर थकान से ज्यादा भगवान के प्रति श्रद्धा दिखाई दी। इस वीडियो को देख लोग भगवान के प्रति विदेशियों के आस्था और विश्वास की तारीफ करते थक नहीं रहे हैं।
दंडवत परिक्रमा करते विदेशी श्रद्धालु (Instagram/@shyama_malini)
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
भगवान की भक्ति में रमा तन और मन
वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि विदेशी श्रद्धालु जमीन पर लेटकर भगवान को प्रणाम करते आगे बढ़ रहे हैं। वे जमीन पर दंडवत होते हुए अपनी परिक्रमा को पूरी कर रहे हैं। इतनी भभकती हुई गर्मी पड़ने के बावजूद भी विदेशी श्रद्धालुओं के मन में भगवान के प्रति उनका उत्साह कम नहीं हो रहा। तेज धूप और धधकती जमीन पर भी वे बिना थमे अपनी परिक्रमा जारी रखे हुए हैं। इस अद्भुत नजारे को देख कई लोग भावुक हो गए और इसे एक सच्ची भक्ति का रूप बताया।
लोग कर रहे हैं विदेशी श्रद्धालुओं की आस्था की जमकर तारीफ
यह वीडियो (Video) इंस्टाग्राम पर @shyama_malini नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो को अब तक 69 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा और करीब डेढ़ लाख लोगों ने इसे लाइक किया है। साथ ही हजारों यूजर्स ने इस वीडियो को शेयर भी किया है। सोशल मीडिया पर लोगों ने इस वीडियो पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी दी हैं। जहां कई लोगों ने विदेशी श्रद्धालुओं की आस्था की जमकर तारीफ की। एक यूजर ने लिखा, "राधे-राधे... गोवर्धन और राधा कुंड की यात्रा जीवन में एक बार जरूर करनी चाहिए।" वहीं दूसरे यूजर ने मजाकिया अंदाज में पूछा, "ये कौन-सा गेम है? देखने में तो मजेदार लग रहा है।" हालांकि ज्यादातर लोगों ने 'राधे-राधे' लिखकर अपनी श्रद्धा व्यक्त की है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
