मुंबई के एक रिहायशी अपार्टमेंट की लिफ्ट में हाइड्रोजन गैस से भरे गुब्बारों के कारण अचानक लिफ्ट में विस्फोट होने और आग लगने की घटना सामने आई है। बेहद खौफनाक और डरावनी ये घटना गोरेगांव इलाके के अनमोल अपार्टमेंट की है। लिफ्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे में ये दिल दहला देने वाली ये घटना कैद हो गई है, जिसका वीडियो खूब वायरल हो रहा है। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, ये घटना दो फरवरी को रात 10: 50 की है।
गुब्बारों से हुआ विस्फोट।
सीसीटीवी में कैद हुआ डराने वाला पल
इस घटना के वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है पहले एक महिला हाथ में छोटा ट्रॉली लेकर लिफ्ट में प्रवेश करती है। इसके कुछ ही सेकंड बाद एक व्यक्ति बड़े पॉलीथिन बैग में कई गुब्बारे लेकर लिफ्ट में आता है। जैसे ही दोनों लिफ्ट के अंदर खड़े होते हैं, अचानक गुब्बारों में आग लग जाती है और तेज लपटों के साथ विस्फोट हो जाता है। आग की लपटें कुछ पल के लिए सीसीटीवी कैमरे को भी ढक लेती हैं। इसके तुरंत बाद महिला और दो पुरुष घबराकर लिफ्ट से बाहर की ओर भागते हुए दिखाई देते हैं। वीडियो में यह भी साफ दिखता है कि लिफ्ट के दरवाजे बंद होते ही बीचों-बीच आग भड़क उठती है। यह नजारा बेहद डरावना है।गुब्बारे वाले के खिलाफ मामला दर्ज
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लिफ्ट में घुसे व्यक्ति और महिला को जलने की चोटें आई हैं। मीडिया रिपोर्ट् के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में गुब्बारे बेचने वाले के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि इस घटना में पुरुष और महिला दोनों झुलस गए हैं। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गुब्बारों में किस प्रकार की गैस भरी गई थी। हीलियम के गुब्बारे ज्वलनशील नहीं होते, लेकिन हाइड्रोजन से भरे गुब्बारे अत्यंत ज्वलनशील होते हैं।
लगातार आ रहे ऐसे मामले
ऐसी घटनाएं अब लगातार सामने आ रही हैं। पिछले साल हल्दी समारोह के दौरान हाइड्रोजन गुब्बारों में विस्फोट हुआ था, जिसमें दूल्हा-दुल्हन झुलस गए थे। वह घटना तब चर्चा में आई जब दंपती ने खुद उसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में देखा गया था कि रंग उड़ाने वाली गन की चिंगारी से गुब्बारों में आग लग गई।
इसी तरह एक और घटना वियतनाम में हुई, जहां जन्मदिन मनाते समय केक की जलती मोमबत्तियों के संपर्क में आने से महिला के हाथ में पकड़े गुब्बारे फट गए। आग की लपटों से महिला के चेहरे पर पहली और दूसरी डिग्री की जलन आई। विशेषज्ञों का कहना है कि हाइड्रोजन जैसे गैस से भरे गुब्बारे बेहद खतरनाक होते हैं। थोड़ी सी चिंगारी, आग या गर्मी इनके लिए जानलेवा साबित हो सकती है। ऐसे में त्योहारों, समारोहों और बंद जगहों पर इनका इस्तेमाल करते समय बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है।
