सोशल मीडिया (Social Media) पर एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जहां लोगों की किस्मत रातों-रात बदल जाती है। इन दिनों एक ऐसे ही शख्स की कहानी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। वजह है उसकी शक्ल, जो दुनिया के मशहूर उद्योगपति एलन मस्क से काफी मिलती-जुलती है। पहली नजर में उन्हें देखकर कई लोग धोखा खा जाते हैं और सोचते हैं कि कहीं ये खुद एलन मस्क तो नहीं।
एलन मस्क की तरह दिखने वाला बारबेक्यू शेफ (X/@wang1644)
चीन का यह शेफ है एलन मस्क का हमशक्ल
इस वायरल शख्स का नाम मा जियानपिंग है। शख्स पेशे से एक बारबेक्यू शेफ है और वह चीन के शांक्सी प्रांत में अपने बिजनेस पार्टनर के साथ युलॉन्ग रेस्तरां चलाता है। पहले वह इलेक्ट्रीशियन का काम करता था, लेकिन बाद में उसने अपना रेस्तरां शुरू किया। उनकी हेयरस्टाइल, चेहरे की बनावट और बोलने का अंदाज एलन मस्क से काफी मिलता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
डुप्लीकेट मस्क बना इंटरनेट सेंसेशन, रेस्तरां के बाहर लगी लोगों की लाइन
मा जियानपिंग का एक वीडियो (Video) चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म डाउइन पर वायरल हुआ। वीडियो में वह ग्राहकों को खाना परोसते नजर आते हैं। देखते ही देखते वीडियो पर लाखों लाइक्स आ गए और लोग उन्हें "चाइनीज एलन मस्क" कहने लगे। वीडियो वायरल (Viral Video) होने के बाद उनके रेस्तरां के बाहर ग्राहकों की लंबी लाइन लगने लगी। लोग सिर्फ खाना खाने नहीं, बल्कि उनके साथ सेल्फी लेने और वीडियो बनाने भी पहुंचने लगे। कई लोग उन्हें फूलों के गुलदस्ते भी भेंट कर रहे हैं।
मस्क जैसा चेहरा, दोगुना हुआ बिजनेस
बताया जा रहा है कि वायरल होने से पहले उसे रेस्टोरेंट पर ग्राहकों की संख्या उतनी नहीं थी जितनी वायरल होने के बाद हो गई। कहा जा रहा है कि उनके रेस्तरां का कारोबार लगभग दोगुना हो गया है। इतनी लोकप्रियता मिलने के बावजूद मा जियानपिंग खुद को काफी साधारण इंसान मानते हैं। उन्हें कई कंपनियों ने लाइव स्ट्रीमिंग और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बनने के बड़े ऑफर दिए, लेकिन उन्होंने सभी प्रस्ताव ठुकरा दिए। उनका कहना है कि उन्हें अपने रेस्तरां में मेहनत करना ज्यादा पसंद है। सोशल मीडिया पर भी लोग इस वीडियो का खूब आनंद ले रहे हैं। कोई मजाक में उन्हें एलन मस्क का क्लोन बता रहा है, तो कोई कह रहा है कि उनके रेस्तरां का नाम बदलकर "स्पेसएक्स बारबेक्यू" रख देना चाहिए।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
