सोशल मीडिया पर इस समय एक वीडियो खूब चर्चा में है। वीडियो में एक डिलीवरी एजेंट स्कूटर चलाता हुआ दिखाई देता है। शुरुआत में सब कुछ सामान्य लगता है, जैसे कोई लड़का रोज की तरह पार्सल पहुंचाने जा रहा हो। उसकी पीठ पर एक बड़ा सा डिलीवरी बैग भी होता है। लेकिन जैसे ही कैमरा उस बैग की तरफ जाता है, लोग हैरान रह जाते हैं। असल में उस बैग के अंदर खाना या सामान नहीं, बल्कि मां सरस्वती (basant Panchami video) की मूर्ति रखी होती है। मूर्ति को अखबार से ढककर बहुत संभालकर रखा गया होता है, ताकि रास्ते में उसे कोई नुकसान न पहुंचे।
वसंत पंचमी पर अगर यह वीडियो नहीं देखा तो क्या देखा! (फोटो: Instagram/Lishasamajdermua)
कई लोगों ने डिलीवरी एजेंट की तारीफ की
यह वीडियो खास तौर पर सरस्वती पूजा के समय सामने आया है। आमतौर पर लोग पूजा के लिए मूर्ति खुद लेकर जाते हैं, लेकिन यहां डिलीवरी बैग में मां सरस्वती की प्रतिमा देखकर लोग चौंक गए। कुछ लोगों को यह तरीका अच्छा लगा तो कुछ लोग सोच में पड़ गए कि क्या धार्मिक मूर्ति को ऐसे ले जाना ठीक है या नहीं। सोशल मीडिया पर यूजर्स अपनी-अपनी राय दे रहे हैं। कई लोग कह रहे हैं कि आज के समय में सब कुछ सुविधा के हिसाब से हो रहा है। वहीं कुछ का मानना है कि श्रद्धा मन से होती है, तरीका चाहे जैसा भी हो। कई लोगों ने डिलीवरी एजेंट की तारीफ भी की कि वह मूर्ति को बहुत ध्यान से ले जा रहा था।
डिलीवरी बॉय बार-बार बैग का रख रहा ध्यान
वीडियो में दिखता है कि डिलीवरी बॉय ट्रैफिक के बीच भी आराम से स्कूटर चला रहा है और बार-बार बैग का ध्यान रख रहा है। मूर्ति को इस तरह रखा गया है कि रास्ते में झटका न लगे और वह सुरक्षित रहे। यह वीडियो सिर्फ चौंकाने वाला नहीं है, बल्कि यह दिखाता है कि आज की जिंदगी में परंपरा और आधुनिक कामकाज कैसे साथ नजर आते हैं। लोग अब पूजा से जुड़ी चीजें भी आसानी से मंगवाने लगे हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
