सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए लोग क्या-क्या नहीं करते। कोई चलते वाहन से वीडियो बनाता है, तो कोई खतरनाक जगहों पर जाकर रील शूट करता है लेकिन कई बार कुछ सेकंड का वीडियो बनाने की जल्दबाजी भारी पड़ सकती है। ऐसा ही एक हैरान करने वाला वीडियो दार्जिलिंग से सामने आया है, जहां सड़क के किनारे चल रही ऐतिहासिक टॉय ट्रेन की कार और स्कूटर से टक्कर होती दिखाई दे रही है।
दार्जिलिंग की ऐतिहासिक टॉय ट्रेन से टकराए वाहन (X/@pra1366)
ट्रेन आई और हो गया हादसा
वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) प्लेटफॉर्म X पर @pra1366 नाम के अकाउंट से शेयर किया गया। वीडियो में पहाड़ी इलाके का एक संकरा रास्ता दिखाई देता है, जहां सड़क के बिल्कुल किनारे रेलवे ट्रैक बिछा हुआ है। इसी ट्रैक पर दार्जिलिंग की मशहूर टॉय ट्रेन आगे बढ़ती नजर आ रही है। वीडियो में कुछ लोग सड़क पर मौजूद वाहनों के पास दिखाई देते हैं। कुछ लोग कार की खिड़की से मोबाइल और गिम्बल की मदद से टॉय ट्रेन का वीडियो बनाते नजर आते हैं। इसी दौरान ट्रेन आगे बढ़ती है और वहां मौजूद वाहनों के बेहद करीब पहुंच जाती है। इसके बाद ट्रेन की एक कार और फिर स्कूटर से टक्कर होती दिखाई देती है। टक्कर के कारण स्कूटर पर सवार दो लोग सड़क पर गिर जाते हैं। उनका स्कूटर भी क्षतिग्रस्त नजर आ रहा है। घटना के बाद ट्रेन रुक जाती है और आसपास मौजूद लोग इस पूरे घटनाक्रम को हैरानी से देखते हैं। हालांकि, वीडियो से यह स्पष्ट नहीं होता कि हादसे में किसी को गंभीर चोट लगी या नहीं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
Video बनाने की जल्दबाजी पर उठे सवाल
इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ यूजर्स का कहना है कि वाहनों को रेलवे ट्रैक के इतने करीब ले जाना या खड़ा करना खतरनाक हो सकता है। वहीं, कुछ लोगों ने ऐसे संकरे रास्तों पर सुरक्षा के बेहतर इंतजाम करने की मांग की है। कुछ यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में भी टिप्पणी की। किसी ने लिखा कि गलती पटरी की है, जो रास्ते के सामने बिछी है, तो किसी ने ट्रेन को थोड़ा साइड करने की सलाह दे डाली।
आखिर क्यों खास है दार्जिलिंग की टॉय ट्रेन?
दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे अपनी ऐतिहासिक पहचान और खूबसूरत पहाड़ी सफर के लिए दुनियाभर में मशहूर है। यह यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है। यहां कई जगह रेलवे ट्रैक सड़क के बेहद करीब से गुजरता है, जिससे पर्यटकों को ट्रेन देखने और उसकी तस्वीरें लेने का मौका मिलता है लेकिन खूबसूरत नजारे को कैमरे में कैद करने के दौरान सुरक्षा का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है। सड़क और पटरी के बीच कम जगह होने पर थोड़ी-सी लापरवाही भी हादसे की वजह बन सकती है। यह वायरल वीडियो लोगों को एक जरूरी सबक भी देता है। रील या वीडियो बनाने का शौक अपनी जगह है, लेकिन इसके लिए अपनी और दूसरों की सुरक्षा को खतरे में डालना समझदारी नहीं है। कुछ सेकंड का वायरल वीडियो कभी भी किसी की जान से ज्यादा कीमती नहीं हो सकता।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
