सोशल मीडिया (Social Media) पर एक खतरनाक हादसे का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक ट्रेन रेलवे ट्रैक पर गिरी क्रेन से टकराती नजर आ रही है। टक्कर इतनी जोरदार होती है कि क्रेन का मलबा उछलकर नीचे सड़क पर जा गिरता है। जिस सड़क पर मलबा गिरा, वहां गाड़ियों के साथ पैदल चलने वाले लोग भी मौजूद थे। इस हादसे का वीडियो किसी ने अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया जो अब सोशल मीडिया पर छाया हुआ है।
ट्रेन और क्रेन की हुई टक्कर (X/@DiariodaCPTM)
कहां की है यह घटना?
वीडियो (Video) को सोशल मीडिया पर धड़ल्ले से शेयर किया जा रहा है। हमने यह वीडियो सोशल साइट एक्स पर पोस्ट करने वाले @DiariodaCPTM नाम के अकाउंट से लिया है। जिसके कैप्शन में बताया गया है कि यह घटना ब्राजील के साओ पाउलो शहर की है। इस घटना ने आसपास मौजूद लोगों को दहशत में डाल दिया। हादसे में क्रेन ऑपरेटर के घायल होने की खबर है। हादसे का वीडियो सामने आने के बाद लोग हैरान हैं कि अगर सड़क पर मौजूद किसी व्यक्ति या वाहन पर क्रेन का मलबा गिर जाता, तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
ट्रेन से टक्कर के बाद बिखरा क्रेन का मलबा
वीडियो (Video) में देखा जा सकता है कि रेलवे ट्रैक पर एक क्रेन गिरी हुई है। इसी दौरान वहां से गुजर रही ट्रेन उसके पास पहुंचती है और उससे टकरा जाती है। ट्रेन की टक्कर लगते ही क्रेन का मलबा बिखर जाता है। इसके बाद उसका एक हिस्सा नीचे सड़क की ओर गिरता दिखाई देता है। हालांकि, सामने आई जानकारी से यह साफ नहीं हो पाया है कि क्रेन रेलवे ट्रैक पर कैसे गिरी थी।
सड़क पर गिरा मलबा, मच सकती थी बड़ी तबाही
इस हादसे का सबसे डरावना हिस्सा वह है, जब ट्रेन से टकराने के बाद क्रेन का मलबा सड़क पर गिरता है। नीचे सड़क पर गाड़ियां चल रही थीं और पैदल यात्री भी मौजूद थे। ऐसे में मलबे का सड़क पर गिरना किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता था। वीडियो में हादसे का यह मंजर देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि रेलवे ट्रैक के आसपास होने वाली एक छोटी-सी चूक भी कितनी खतरनाक साबित हो सकती है। भारी मशीनों के साथ काम करते समय सुरक्षा के नियमों का पालन करना बेहद जरूरी होता है, क्योंकि किसी भी तरह की लापरवाही से कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है।
क्रेन ऑपरेटर हुआ घायल
तमाम मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हादसे में क्रेन ऑपरेटर घायल हो गया। हालांकि, उसकी चोट कितनी गंभीर थी और हादसे में ट्रेन में सवार यात्रियों या सड़क पर मौजूद दूसरे लोगों को कोई नुकसान पहुंचा या नहीं, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल है। इसे देखकर कई लोग रेलवे ट्रैक और उसके आसपास काम करने वाली भारी मशीनों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
