प्यार और रिश्तों की दुनिया में अजीबो-गरीब किस्से कोई नई बात नहीं हैं। कभी बेवफाई, कभी झूठ, तो कभी अनोखे खुलासे। हर दिन कुछ न कुछ ऐसा सामने आता है जो हमें चौंका देता है। लेकिन इस बार जो कहानी सामने आई है, वह सारी हदें पार कर देने वाली है। इस कहानी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर @r/Advice नामक अकाउंट से शेयर किया गया है।
गर्लफ्रेंड को छोड़ लड़का घंटों करता है AI चैटबॉट से बातें (AI)
लड़की ने रेडिट पर शेयर की अपनी स्टोरी
यह कहानी है ऐलीन नाम की एक 19 साल की लड़की की, जिसने रेडिट पर अपनी स्टोरी शेयर करते हुए बताया कि उसे तब गहरा झटका लगा जब उसे पता चला कि उसका बॉयफ्रेंड उससे नहीं, बल्कि उसके ही AI वर्जन से घंटों बातें करता रहता है। एलिन ने बताया कि उसका 21 साल का बॉयफ्रेंड हमेशा से बहुत ही प्यार करने वाला, वफादार और मीठा बोलने वाला लड़का रहा है। उनके बीच कभी झगड़ा तक नहीं हुआ। रिश्ते में सबकुछ परफेक्ट चल रहा था।
लड़का अपनी गर्लफ्रेंड के ही AI वर्जन से करता रहता है बातें (AI)
परफेक्ट रिश्ते में छिपा चौंकाने वाला सच
लेकिन एक दिन ऐलीन को अपने बॉयफ्रेंड के व्यवहार में कुछ अजीब सा लगा। उसे शक हुआ कि वह किसी और से बात कर रहा है। जब उसने इस बात का पता लगाना शुरू किया तो सच्चाई जानकर उसके होश ही उड़ गए। दरअसल, उसका बॉयफ्रेंड किसी दूसरी लड़की से नहीं, बल्कि ऐलीन के ही AI वर्जन से बात करता था। ऐलीन ने देखा कि उसका बॉयफ्रेंड हर रोज उसके AI वर्जन से लगभग 4-5 घंटे बात करता रहता था।
Aylene AI: एक डिजिटल कॉपी जो असली से बेहतर थी?
ऐलीन के मुताबिक, उसका बॉयफ्रेंड एक टेक-फ्रेंडली इंसान था। उसने ऐलीन की हर बात, हर मैसेज, और उनकी सारी बातचीत को डेटा के रूप में इस्तेमाल करके एक AI चैटबॉट बनाया था, जिसका नाम उसने “Aylene AI” रखा था। लड़के ने उस AI चैटबॉट को कुछ ऐसे तैयार किया था कि वह ठीक उसकी गर्लफ्रेंड एलीन की तरह ही सोचे, बोले और वैसे ही रिएक्ट करे। जब ऐलीन को इस बारे में पता चला तो उसने इस AI को टेस्ट करने का सोचा। जब एलीन ने उस AI को टेस्ट किया तो उसके होश ही उड़ गए। दरअसल, लड़के द्वारा बनाई गई AI चैटबॉट की बात करने का अंदाज, उसका टोन और जवाब बिल्कुल ऐलीन जैसे ही थे। उसे ऐसा लगा जैसे वह खुद से ही बात कर रही हो, लेकिन एक मशीन के रूप में!
“वो मुझसे नहीं, मेरे AI वर्जन से प्यार करने लगा है।”
ऐलीन ने अपना दुख बयां करते हुए बताया कि पिछले छह महीनों से उसका बॉयफ्रेंड उसके साथ “अच्छा” व्यवहार कर रहा था। वह उसकी हर बात को मानने लगा था। वह उससे कभी झगड़ा भी नहीं करता। जब भी लड़ाई होती या फिर होने वाली होती तो वह अपनी गलती मानकर चुप हो जाता था। वह ऐसा हमेशा ही करने लगा था। पहले ऐलीन को यह सब बहुत प्यारा लगता था, लेकिन अब उसे अपने बॉयफ्रेंड पर पूरा शक है कि ये सब वह अपने AI चैटबॉट को और भी बेहतर बनाने के लिए कर रहा है। ऐलीन ने रेडिट पर लिखा, “मुझे समझ नहीं आ रहा कि यह इमोशनल चीटिंग है या कुछ और। क्या वह मुझे धीरे-धीरे मेरे ही AI वर्जन से बदलने की कोशिश कर रहा है?”
लड़की ने रेडिट पर शेयर की अपनी स्टोरी (Reddit/@r/Advice)
रेडिट पर मचा बवाल
ऐलीन की इस पोस्ट ने रेडिट पर तहलका मचा दिया। लोगों ने इस मामले पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने लिखा, “यह बिल्कुल सामान्य नहीं है। ऐलीन को तुरंत यह रिश्ता खत्म कर देना चाहिए। यह एक डरावना और अस्वस्थ व्यवहार है।” एक अन्य यूजर ने इसे मानसिक समस्या से जोड़ते हुए कहा, “कोई इंसान ऐसा तभी करता है जब वह हकीकत से भागना चाहता हो। यह इमोशनल चीटिंग से भी आगे की बात है।” वहीं, कुछ लोगों ने इसे मजाक में लिया। एक यूजर ने लिखा, “यह तो किसी साइंस-फिक्शन मूवी की कहानी जैसा लगता है। अगला सीक्वल: मेरा बॉयफ्रेंड मेरे रोबोट वर्जन के साथ भाग गया।”
वायरल (Viral News in Hindi) ट्रेंडिंग और अजब-गजब (Ajab Gajab News) की लेटेस्ट न्यूज और हिन्दी में पढ़ें और Times Now Navbharat Live TV पर देखें। देश-दुनिया की हर ट्रेंडिंग वीडियो (Viral Video) वायरल, शॉकिंग और अनोखी खबरें पढ़ने के लिए जुड़ें रहें Times Now Navbharat के साथ।
