आज के इस दिखावे वाले समय में लोग मदद करने के बाद चारों तरफ उसका बखान करते हैं। कई लोग तो बस दिखावे के लिए ही मदद करते हुए अपना वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हैं। ताकि लोग उनकी तारीफों के पुल बांध सके। मतलब आज की इस मतलबी दुनिया में बिना दिखावे के कोई किसी की मदद नहीं करता। अगर करता भी है तो उसका एहसान इस कदर जताता है जैसे वह किसी भगवान से कम नहीं। मगर इसी दुनिया में आपको कुछ लोग ऐसे भी मिल जाएंगे, जो बिना किसी दिखावे और निस्वार्थ भाव से दूसरों की मदद खुले दिल से करते हैं और ऐसे ही लोगों की वजह से यह दुनिया एक बेहतर जगह बनती है।
सफाईकर्मी को चाय पिलाती महिला (Instagram/@jagadishnadanalli)
बिना किसी दिखाने के महिला खुले दिल से करती है लोगों की मदद
हाल में सोशल मीडिया पर एक ऐसी ही महिला का वीडियो (Video) इस वक्त खूब वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि महिला हर सुबह अपने घर से बाहर निकलती है और आसपास काम करने वाले सफाई कर्मचारियों को चाय और बिस्किट खिलाती है और वह ये काम कोई एक-दो दिन नहीं बल्कि रोज करती है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि चाय-बिस्किट खाने वाले सफाई कर्मचारी खुशी-खुशी मुस्कुराते हुए उनके हाथ से चाय और बिस्किट लेते हैं और उनसे प्यार से बातचीत करते हैं।
ये भी पढ़ें:
घर के आसपास वाले जानवरों का भी महिला रखती है पूरा ख्याल
इस वायरल वीडियो (Viral Video) को इंस्टाग्राम पर जगदीश नदानल्ली नाम के यूजर ने अपने अकाउंट @jagadishnadanalli से शेयर किया है। यूजर ने अपने इस वीडियो में यह भी बताया कि यह महिला कई सालों से बिना किसी दिखावे या फिर किसी की तारीफ पाने की चाह में बिल्कुल निस्वार्थ भाव से लोगों की मदद करती है। महिला उन सफाई कर्मचारियों को सिर्फ चाय-बिस्किट ही नहीं देती, बल्कि कई बार ब्रेड, केले और अन्य खाने की चीजें भी बांटती है। खास मौकों पर वह उन्हें जरूरत का सामान भी देती है। इतना ही नहीं, वह अपने घर के बाहर घूमने वाले जानवरों का भी खास ख्याल रखती है। महिला कुत्ते और बिल्लियों के लिए खाना और दूध रखती है और पक्षियों के लिए अपनी छत पर दाना और पानी का भी इंतजाम करके रखती है।
लोगों ने महिला की खूब वाहवाही की
आसपास के लोग इस महिला के बारे में बताते हैं कि वह सब्जी बेचने वालों, फूल बेचने वालों और राहगीरों से भी बहुत प्यार से बात करती है। कई लोग तो सिर्फ उनसे मिलने के लिए ही उनके घर आ जाते हैं। सोशल मीडिया पर यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है। जिसे देखने के बाद लोग भावुक भी हो रहे हैं। वीडियो को देखने के बाद कई यूजर्स ने कहा कि असली मदद वही होती है, जो बिना दिखावे के की जाए। वहीं, कुछ अन्य लोगों ने उस महिला को धरती की फरिश्ता तक बता डाला।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
