America's Got Talent: अमेरिकाज गॉट टैलेंट के जज हाल ही में एक भारतीय बच्ची की सिंगिग देख हैरान हो गए थे। अब एक और वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें राजस्थान के युवक का एक्ट उन्हें तालियां बजाने और तारीफ करने के लिए मजबूर कर रहा है। प्रवीण प्रजापत नामक शख्स ने मंगलवार के एपिसोड में दर्शकों को तब चौंका दिया जब उन्होंने अपने सिर पर कई गिलास और मटके में भरे पानी के साथ संतुलन का खेल खेला। राजस्थान के इस शख्स के साइंस के सभी नियामों को चुनौती देते हुए ये स्टंट किया। उनके इस एक्ट पर जज सोफिया वर्गारा खड़े होकर तालियां बजाने से खुद को रोक न सकीं, हालांकि साइमन कॉवेल को प्रभावित करने में वे असफल रहे।
हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, दरअसल, अमेरिकाज गॉट टैलेंट के चार जजों के बीच एक अजीब असहमति दिखी। प्रवीण की परफॉर्मेंस पर जज की राय में भिन्नता दिखी। प्रदर्शन के अंत में सोफिया वर्गारा, हेदी क्लम और हॉवी मैंडेल सभी ने खड़े होकर प्रजापत की सराहना की, जबकि कॉवेल बैठे रहे। मैंडेल ने बैलेंस बनाने के इस एक्ट को अद्भुत बताया, जबकि हेदी क्लम ने एक्ट को बहुत सुंदर बताया। सोफिया वर्गारा ने राजस्थान के प्रतियोगी से इस प्रदर्शन से प्रभावित होकर कहा कि, वह प्रतियोगिता में बहुत आगे तक जाएगा। एकमात्र जज साइमन कॉवेल जो प्रभावित नहीं हुए, वे थे, जिन्होंने आश्चर्य जताया कि प्रजापत इस प्रदर्शन में आगे क्या लाएंगे।
बता दें कि, एक्ट से पूर्व जब प्रतिभागी ने कहा कि, वह अपने सिर पर 101 मिट्टी के बर्तन और चार एलपीजी सिलेंडर भी संतुलित कर सकता है, तो जजों को यकीन नहीं हुआ। पहले एक जज ने मना किया जबकि तीन अन्य जजों ने अपनी सहमति दी। अपने अभिनय के दौरान प्रवीण ने अपने सिर पर कांच के गिलासों का टावर बनाया और फिर उसके ऊपर मिट्टी का घड़ा रखा। उन्होंने डांस करते हुए अपने पैरों को भी दो कांच के गिलासों पर संतुलित रखा और बिना किसी सहारे के चलने लगे।
प्रवीण ने जजों से कहा कि, 'मैंने सिर्फ इस पल के लिए पिछले 10 वर्षों से हर दिन दो या तीन घंटे ट्रेनिंग ली है।' प्रवीण ने बताया कि उन्होंने यह हुनर अपने पिता से सीखा है। यह प्रजापत का रियलिटी टीवी शो में पहला कदम नहीं है, उन्होंने इससे पहले इंडियाज गॉट टैलेंट सीजन 9 में भी हिस्सा लिया था।
