राजस्थान के राजसमंद मेवाड़ जिले से एक वीडियो सामने आया है जो काफी वायरल हो रहा है। दरअसल, जिले के एक कस्बे में अजगरों का आतंक है। यहां पर चार से पांच बड़े अजगर देखे गए हैं जो अब तक कई मवेशियों को अपना शिकार बना चुके हैं। हालांकि अभी तक किसी इंसान पर हमला होने की खबर नहीं आई है। हाल ही में एक घटना में, एक अजगर ने रात में एक बछड़े को निगल लिया। बड़े साइज के कारण वो जानवर को पचा न सका और उल्टी कर बछड़े को बाहर निकाल दिया।
बता दें कि, अगरिया के आबादी वाले इलाके में एक अजगर देखा गया है, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। यह अजगर एक घर के पीछे बने बाड़े में घुस गया और रात के समय एक बछड़े का शिकार कर लिया। दावा किया जा रहा है कि, अजगर अपने शिकार को पचा नहीं पाया और बाद में उसने बछड़े को उलट दिया। अगली सुबह ग्रामीणों को बछड़े की बॉडी मिली। बछड़े की मां अपने बच्चे की यह हालत देखकर काफी देर वहीं खड़ी रही। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि, मृत बछड़े को देख गाय बेसुध हो गई थी और उसकी आंखों में आंसू थे। ग्रामीणों का दावा है कि यह कोई अकेली घटना नहीं है, बल्कि अजगर ने पहले भी इस इलाके में कई मवेशियों का शिकार किया है।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा है कि, अजगर पहले भी कई मवेशियों का शिकार कर चुके हैं। क्षेत्र में मौजूद मार्बल डंपिंग यार्ड में चार से पांच अजगर देखे गए हैं, जिससे भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाने की अपील की है। लोागों ने कहा कि, 'यदि समय रहते सतर्कता नहीं बरती गई तो बड़ी घटना हो सकती है। अजगर अभी जानवरों को अपना शिकार बना रहा है, लेकिन अगर इसे जल्द ही नहीं पकड़ा गया तो कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है।'
