Ajab Gajab: 5 साल की उम्र, कद सिर्फ 2 फीट, पुष्कर मेले में छाई नन्ही 'पिंकी' भैंस, कीमत सुन दंग रह जाएंगे

राजस्थान के विश्व प्रसिद्ध पुष्कर मेले में महज 2 फीट ऊंची 'पिंकी' नाम की भैंस लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बनी हुई है। महाराष्ट्र के ठाणे से आई 5 साल की यह भैंस पूरी तरह वयस्क होने के बावजूद जन्म से ही छोटे कद की वजह से बेहद क्यूट दिखती है। इसके मालिक ने इसकी दुर्लभता का हवाला देते हुए इसकी कीमत 1 करोड़ रुपये आंकी है।

Ajab Gajab: राजस्थान के ऐतिहासिक और विश्व प्रसिद्ध पुष्कर पशु मेले में हर साल एक से बढ़कर एक नायाब और बेशकीमती मवेशी पहुंचते हैं। लेकिन, इस बार मेले की सारी लाइमलाइट एक बेहद खास और नन्ही मेहमान ने लूट ली है। महज दो फीट ऊंची इस भैंस का नाम 'पिंकी' है, जिसे देखने और उसके साथ सेल्फी लेने के लिए पर्यटकों और पशुपालकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। आलम ये है कि सोशल मीडिया पर पिंकी भैंस का वीडियो छाया हुआ है और लोग वीडियो को जमकर शेयर कर रहे हैं। तो आइए, जानते हैं क्या है पूरा मामला?

ajab gajab

पुष्कर मेले में पिंकी भैंस का जलवा (तस्वीर साभार- @rajendra_phagi)

देखने में किसी छोटे बछड़े जैसी नजर आने वाली पिंकी भैंस असल में कोई बच्चा नहीं, बल्कि 5 साल की पूरी तरह वयस्क भैंस है। पिंकी के मालिक सोहिल शकील उसे महाराष्ट्र के ठाणे से करीब 1,100 किलोमीटर का लंबा सफर तय कराकर पुष्कर मेले में लेकर आए हैं। लाल रंग की रस्सी से सजी और गले में अपने नाम 'PINKY' की खास नेमप्लेट पहने यह भैंस किसी सेलिब्रिटी से कम नहीं लग रही है। सोहिल शकील के अनुसार, पिंकी का यह छोटा कद किसी बीमारी की वजह से नहीं, बल्कि जन्म से ही उसकी एक प्राकृतिक विशेषता है। पूरी तरह विकसित होने के बावजूद उसकी ऊंचाई सिर्फ 2 फीट ही रह गई। अपने छोटे कद के साथ-साथ पिंकी का शांत और मिलनसार स्वभाव भी लोगों को खूब भा रहा है। मेले में आने वाले देशी-विदेशी सैलानी इस अनोखे नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर सोशल मीडिया पर जमकर शेयर कर रहे हैं। देखें वीडियो...

लग्जरी कार से भी ज्यादा है कीमत का दावा

पिंकी की चर्चा सिर्फ उसके छोटे कद की वजह से ही नहीं, बल्कि उसकी आसमान छूती कीमत के कारण भी हो रही है। मालिक सोहिल शकील ने पिंकी की दुर्लभता का हवाला देते हुए उसकी कीमत 1 करोड़ रुपये बताई है, जो किसी शानदार लग्जरी कार या आलीशान फ्लैट से भी ज्यादा है।हालांकि, पशु विशेषज्ञों और मेला प्रशासन के स्तर पर इस 1 करोड़ रुपये के मूल्यांकन की कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल, मेले में पिंकी को देखने वालों का तांता तो लगा हुआ है, लेकिन अभी तक सार्वजनिक रूप से किसी खरीदार के सामने आने की खबर नहीं है। बावजूद इसके, अपनी मासूमियत और अनोखे कद के दम पर 'पिंकी' इस साल के पुष्कर मेले की सबसे बड़ी स्टार जरूर बन गई है।

End Article
कौशलेंद्र पाठकauthor

कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में...

End of Feed