आज का वायरल वीडियो (12-DEC-2025): कहते हैं कि MBA की पढ़ाई को दुनिया के सबसे कठिन कोर्सेज़ में से एक माना जाता है। लेकिन आज आपका नजरिया यह वायरल वीडियो देखने के बाद बदल जाएगा। ये वीडियो है अमेरिका के मशहूर व्हार्टन स्कूल (यूनिवर्सिटी ऑफ पेनसिल्वेनिया) का, जहां छात्र दिन-रात केस स्टडी, प्रेजेंटेशन और एग्जाम की तैयारी में डूबे रहते हैं। वहीं, इसी व्हार्टन स्कूल में एक भारतीय प्रोफेसर ने सेमेस्टर के आखिरी दिन कुछ ऐसा कर दिखाया कि पूरी क्लास हैरान रह गई। प्रोफेसर का वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
प्रोफेसर कार्तिक होसानगर ने क्लास में एनर्जेटिक डांस किया। (Instagram/@whartonschool)
प्रोफेसर साहब का यह निराला अंदाज देख छात्र रह गए हक्के-बक्के
वीडियो में नजर आ रहे प्रोफेसर का नाम कार्तिक होसनगर है, जो स्कूल में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और टेक्नोलॉजी मैनेजमेंट पढ़ाते हैं। उन्होंने सेमेस्टर के खत्म होते ही अपनी एमबीए क्लास को अचानक डांस फ्लोर बना दिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रोफेसर साधारण स्वेटर और जींस में बीच क्लास में आए, म्यूजिक प्ले हुआ, और वे उछल-उछलकर से नाचने लगे। स्टूडेंट्स पहले तो हक्के-बक्के रह गए, फिर तालियां बजाने लगे, सीटियां मारने लगे, और कुछ तो खुद भी थिरकने लगे।
ये भी पढ़ें: 'Boys Not Allowed', पानीपुरी वाले भइया ने लड़कों के साथ कर दिया अन्याय! ठेले पर चिपका यह नोटिस हुआ वायरल
'बदतमीज दिल' गाने पर दिल खोलकर नाचे प्रोफेसर
वीडियो में सबसे मजेदार चीज ये थी कि प्रोफेसर ने क्लास में बॉलीवुड का हिट गाना ‘बदतमीज दिल’ पर दिल खोलकर डांस किया। यह गाना फिल्म ये जवानी है दीवानी का है। क्लास में इस फिल्म के कई पॉपुलर ट्रैक्स का मैशअप बजाया गया। प्रोफेसर पूरे जोश में कूदते, घूमते और बॉलीवुड स्टाइल में हाथ हिलाते डांस करते नजर आए। क्लासरूम का वह शांत माहौल पलभर में मिनी पार्टी में बदल गया। प्रोफेसर साहब का यह वीडियो किसी स्टूडेंट ने अपने फोन में रिकॉर्ड कर लिया जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
कमेंट बॉक्स में नहीं थम रहा प्रोफेसर के तारीफों का सिलसिला
इस वायरल वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @whartonschool और profkartik नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो के कैप्शन में लिखा है – “सेमेस्टर खत्म करने का इससे बेहतर तरीका बताइए, हम इंतज़ार करेंगे।” इस वीडियो को अब तक 2 लाख 10 हजार से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। लोग प्रोफेसर का डांस और उनकी कूलनेस देख उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे। कोई लिखता है कि, “इतने बड़े स्कूल में ऐसा प्रोफेसर मिल जाए तो पढ़ाई बोझ नहीं लगती।” किसी ने कहा, “ये पल जिंदगी भर याद रहेंगे।” खुद प्रोफेसर कार्तिक होसनगर ने भी इस वायरल वीडियो पर मजेदार जवाब दिया। उन्होंने लिखा, “ओह वाह! इस रिस्पॉन्स को देखते हुए मुझे अपनी AI वाली पोस्ट बंद करनी पड़ेगी और अब इंस्टाग्राम पर डांस ही डालता रहूंगा।”
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
