तकनीक के इस जमाने में इंसानों की जगह रोबोट्स और AI ने ले ली है। मगर जब इनमें कोई तकनीकी खराबी आते है तो काम ना सिर्फ प्रभावित होता है बल्कि काफी नुकसान भी होता है। हाल में ऐसी ही एक घटना का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि एक रेस्टोरेंट में काम करने वाला वेटर रोबोट किसी तकनीकी खामी की वजह से बेकाबू हो जाता है और वह खाना परोसने की जगह बर्तनों को तोड़कर डांस करने लग जाता है।
तकनीकी खामी की वजह से खराब हुआ रोबोट (X/@TansuYegen)
ये भी पढ़ें: मॉर्निंग वॉक पर निकला था शख्स, पीछे पड़ गया गैंडा, कैमरे में रिकॉर्ड हुआ भागम-भाग का यह Video
तकनीकी खामी की वजह से बेकाबू हुआ रोबोट
वीडियो में देखा जा सकता है कि होटल में काम कर रहा वेटर रोबोट एकाएक बेकाबू हो जाता है और वह रेस्टोरेंट में काम करने की बजाय प्लेट्स तोड़ने लगा और फिर जोर-जोर से डांस करने लग गया। उस रोबोट को ऐसा करते देख रेस्टोरेंट में काम कर रहे लोग तुरंत उसे काबू में करने की कोशिश करते हैं लेकिन वह कंट्रोल में नहीं आ रहा। ऐसे में रेस्टोरेंट की एक महिला कर्मचारी उसे पकड़कर खींचते हुए ग्राहकों से दूर करने की कोशिश करती है लेकिन रोबोट है कि उसका डांस थमने का नाम नहीं ले रहा। उसे कंट्रोल करने के तीन-तीन लोग उसके पास पहुंचते हैं लेकिन परिणाम ठीक उसके उलट होता है। रोबोट और तेजी से अपने दोनों हाथ ऊपर उठाकर डांस करने लग जाता है।
कैलिफोर्निया की बताई जा रही है यह घटना
इस वायरल वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @TansuYegen नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो के कैप्शन में बताया गया है कि ये घटना अमेरिका के कैलिफोर्निया के एक चाइनीज हॉटपॉट रेस्टोरेंट में घटी। वीडियो में दिख रहा यह रोबोट Zootopia थीम वाला ह्यूमनॉइड सर्विस रोबोट था। उसके चेहरे पर नीली रोशनी वाली स्क्रीन, सफेद-काले आर्म्स और सबसे मजेदार बात, उसने ऑरेंज एप्रन पहना हुआ था जिस पर बड़े-बड़े अक्षर में लिखा था, "I'M GOOD" रोबोट के इस हरकत को देख कस्टमर्स हैरान भरी नजरों से उसे देख रहे थे। इस दौरान वहां मौजूद लोगों में कोई हंस रहा था, तो कोई अपने मोबाइल से इस नजारे को रिकॉर्ड कर रहा था।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
