जब भी हम सब्जी मंडी जाते हैं तो सब्जियों के महंगे भाव सुनने के बाद हम थोड़ा हैरान रह जाते हैं और सोचते हैं कि कितनी महंगाई बढ़ गई है। मगर क्या आपने कभी यह सोचा है कि भिंडी का भाव 7200 रुपए किलो हो गया हो। शायद ही आज तक भारत के इतिहास में भिंडी की कीमत इतनी हुई होगी लेकिन एक जगह भिंडी की कीमत इतनी है, जिसका वीडियो एक शख्स ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। जो अब सोशल मीडिया परजमकर वायरल हो रहा है।
बिकने को रखी भिंडी (Instagram/@ashishahuja.usa)
इतनी सी भिंडी का इतना ज्यादा दाम
वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि एक शख्स अमेरिका के एक सुपरमार्केट में टहल रहा होता है। तभी उसकी नजर वहां रखे भिड़ी पर पड़ी, जिसकी कीमत देखकर वह चौंक जाता है और बताता है कि यहां अमेरिका में भुनी हुई भिंडी का एक छोटा सा पैकेट, जिसका वजन करीब 85 ग्राम है उसकी कीमत लगभग 6.50 डॉलर है, अगर भारतीय रुपयों में बात करें तो यह कीमत करीब 600 रुपए होती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े:
1 किलो भिंडी की कीमत 7200 रुपए
शख्स अपने वीडियो (Video) में आगे कहता है कि भारत में भिंडी एक आम सब्जी है, जो 40 से 100 रुपए किलो तक के भाव में मिल जाता है लेकिन यहां अमेरिका में यही भिंडी एक प्रीमियम स्नैक बन गई है। जिसमें थोड़ी बहुत मसाले डालकर उसे कुरकुरी बना दी गई है। शख्स भिंडी के उस छोटे से पैक को देख वहां मिल रहे भिंडी के भाव का अंदाजा लगाने लगता है और बताता है कि अगर इस हिसाब से देखा जाए तो यहां 1 किलो भिंडी की कीमत करीब 7200 रुपए से भी ज्यादा होगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े:
क्यों मिल रही भिंडी इतनी महंगी?
इसके बाद वह शख्स उस भिंडी स्नैक्स की तुलना दूसरे चिप्स के पैकेट से करता है और कहता है कि जहां बड़े पैकेट वाले चिप्स सिर्फ 2 से 4 डॉलर में मिल जाते हैं, वहीं भिंडी के इस छोटे से पैकेट को 6.50 डॉलर में बेचा जा रहा है। इसका कारण यह हो सकता है कि अमेरिका में भिंडी इतनी ज्यादा नहीं उगाई जाती, इसलिए इसे खास तरीके से तैयार करके महंगे दाम पर बेचा जाता है। वहीं भारत में यह आसानी से उपलब्ध होती है, इसलिए इसकी कीमत कम रहती है।
वीडियो पर कुछ ऐसा रहा लोगों का रिएक्शन
देखते ही देखते सोशल मीडिया पर इस शख्स का वीडियो (Video) वायरल होने लगा। लोग इस वीडियो को देखने के बाद इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए भी नजर आए। जहां हर कोई इस वीडियो पर मजेदार कमेंट्स कर रहा है। कोई कह रहा है कि, “इतने में तो भारत में पूरा फ्रिज भर जाएगा।” तो कोई इसे प्रीमियम भिंडी बता रहा है। एक यूजर ने मजाक में लिखा कि, “यह भिंडी नहीं, स्टेटस सिंबल है।”
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
