UP Weather: यूपी में कोहरे और सर्द हवाओं का प्रहार जारी; कई जिलों में येलो अलर्ट, जानें आज के मौसम का हाल
- Authored by: Nilesh Dwivedi
- Updated Dec 12, 2025, 09:46 AM IST
UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 12 December 2025 लखनऊ, आगरा, अयोध्या, बरेली में मौसम का पूर्वानुमान: उत्तर प्रदेश में 12 दिसंबर की सुबह घने कोहरे की चादर में ढकी रहने की संभावना है, जिससे कई जिलों में दृश्यता काफी कम हो सकती है। मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। जैसे-जैसे दिन बढ़ेगा, धूप निकलने से कोहरे का असर कम होगा, लेकिन शाम को चलने वाली पछुआ हवाएं ठंड बढ़ा सकती हैं।
यूपी में आज का मौसम
UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 12 December 2025: उत्तर प्रदेश की सुबह अब घने कोहरे की सफेद चादर में ढकी रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 12 दिसंबर को प्रदेश के कई जिलों में कोहरा बेहद घना हो सकता है, जिससे कई जगहों पर विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच सकती है। हालांकि, जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, धूप निकलने से हालात में सुधार होगा।
शाम होते-होते पछुआ हवाएं चलेंगी, जो ठंड का असर और बढ़ा देंगी। यह मौसम पैटर्न अगले 36 से 48 घंटे तक जारी रह सकता है। लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, आज यानी 12 दिसंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी के तराई वाले इलाकों में घना कोहरा छाने की पूरी संभावना है। इस स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। प्रभावित जिलों में बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, सीतापुर, महराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और श्रावस्ती शामिल हैं।
कोहरे की चपेट में यूपी के जिले
पूर्वांचल के कई जिलों में भी आज हल्के से लेकर मध्यम स्तर तक का कोहरा दिखाई देने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक शुक्रवार को प्रयागराज, वाराणसी, प्रतापगढ़, अयोध्या, कौशाम्बी, चित्रकूट, अमेठी, रायबरेली, जौनपुर, सुल्तानपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, बलिया और मऊ में कोहरा छाने की स्थिति बन सकती है। कुछ क्षेत्रों में दृश्यता 500 से 700 मीटर तक सीमित रहने का भी अनुमान है। इन जिलों में तापमान के लिहाज से दिन का अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान लगभग 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने की संभावना जताई गई है।
राजधानी में कैसा रहेगा मौसम का हाल?
राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को ठंड से थोड़ी राहत महसूस होने की उम्मीद है। अनुमान है कि न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। हालांकि सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, आज लखनऊ में न्यूनतम तापमान लगभग 11 डिग्री और अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 13 दिसंबर को भी तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। वहीं, दिल्ली से सटे नोएडा में सुबह और रात के समय गलन से लोग परेशान हो सकते हैं। यहां आज न्यूनतम तापमान लगभग 10 डिग्री और अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।