UP BJP President Election: यूपी बीजेपी अध्यक्ष के चुनाव की तैयारियां पूरी हो चुकी है। चुनाव के लिए 13 दिसंबर को विनोद तावड़े की मौजूदगी में नॉमिनेशन दाखिल किए जाएंगे। अगर एक से ज्यादा नॉमिनेशन दाखिल होते हैं तो प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा।
कब होगा प्रदेशाध्यक्ष का ऐलान?
यूपी भाजपा अध्यक्ष के लिए अगर एक ही नॉमिनेशन फाइल होता है तो पार्टी चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल नए प्रदेशाध्यक्ष के नाम की घोषणा करेंगे। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, भाजपा चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल 14 दिसंबर को औपचारिक रूप से नए प्रदेशाध्यक्ष का ऐलान करेंगे, लेकिन यह तभी होगा जब सिर्फ एक ही नॉमिनेशन फाइल हो।
सनद रहे कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के चयन की संवैधानिक प्रक्रिया के अनुसार, सर्वप्रथम प्रांतीय परिषद के सदस्य चुने जाते हैं। 403 विधानसभा क्षेत्रों से एक-एक सदस्य चुना जाता है जिनमें से 327 सदस्यों का चयन हो चुका है। प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव में प्रांतीय परिषद के सदस्य मतदान करते हैं, जबकि भाजपा ने प्रदेश को 98 जिलों में बांटा है जिसमें से 84 जिलाध्यक्षों का भी ऐलान हो चुका है।
