NMRC Metro Corridor Projects: नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) अपने तीन प्रस्तावित मेट्रो रूटों के लिए डिटेल्ड डिजाइन ड्रॉइंग तैयार कराने की प्रक्रिया अगले दो हफ्तों में शुरू करने जा रहा है। इसके लिए निगम ने सलाहकार फर्म आयशा को चुना है। एनएमआरसी अधिकारियों के अनुसार कंपनी द्वारा जमा किए गए दस्तावेजों की जांच जारी है, जिसके पूरा होते ही प्रोजेक्ट का कार्य आधिकारिक रूप से सौंप दिया जाएगा। ये तीनों प्रस्तावित कॉरिडोर सेक्टर-51 से नॉलेज पार्क-5, ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी, और सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन तक बनाए जाने हैं। एनएमआरसी के कार्यकारी निदेशक महेंद्र प्रसाद ने बताया कि चयनित एजेंसी इन सभी रूटों का सिविल डिजाइन, अनुमानित लागत, इलेक्ट्रिकल-मैकेनिकल आवश्यकताएं और ट्रैक से जुड़ा सर्वे पूरा कर विस्तृत रिपोर्ट निगम को सौंपेगी।
NMRC 3 प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर के लिए डिटेल्ड डिजाइन का काम शुरू करेगा (सिंबॉलिक फोटो: iStock)
कितनी होगी टोटल लंबाई?
हिन्दुस्तान की एक रिपोर्ट के अनुसार एनएमआरसी इन परियोजनाओं पर काम करने वाली सलाहकार कंपनी को लगभग 24.21 करोड़ रुपये का भुगतान करेगी। यह संस्था अगले पांच सालों तक तीनों प्रस्तावित कॉरिडोर पर अपनी सेवाएं देगी। इन सभी रूटों को मिलाकर कुल लंबाई 31.595 किलोमीटर बनती है।
सबसे छोटा कॉरिडोर मेट्रो डिपो
बताया जा रहा है कि, इनमें सबसे छोटा कॉरिडोर मेट्रो डिपो से बोड़ाकी के बीच का है, जिसकी लंबाई करीब ढाई किलोमीटर निर्धारित की गई है। इसके विपरीत, सबसे लंबा मार्ग सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के नॉलेज पार्क-5 तक का होगा। इस रूट के विकसित होने से ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले लाखों लोगों को सीधे तौर पर फायदा मिलने की उम्मीद है।
इन रूट्स के लिए बनेगा डिजाइन
सेक्टर-51 से नॉलेज पार्क-5: सेक्टर-51 से नॉलेज पार्क-5 तक एनएमआरसी मेट्रो का सबसे लंबा प्रस्तावित रूट ग्रेटर नोएडा वेस्ट होकर गुजरता है। लगभग 17 किलोमीटर की इस लाइन पर 11 नए स्टेशन बनाए जाने की योजना है। पूरे प्रोजेक्ट से जुड़ी फाइल वर्तमान में केंद्र सरकार के अनुमोदन के लिए भेजी गई है।
सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन: सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन तक का रूट लगभग 11.56 किलोमीटर लंबा होगा, जिस पर कुल आठ स्टेशन विकसित किए जाने की योजना है। इस परियोजना के लिए जल्द ही सहमति पत्र मिलने की संभावना जताई जा रही है। सेक्टर-142–बॉटेनिकल गार्डन लाइन और ग्रेटर नोएडा डिपो–बोड़ाकी रूट का टोपोग्राफी सर्वे पूरा हो चुका है, जिसकी रिपोर्ट को विस्तृत डिजाइन तैयार करते समय शामिल किया जाएगा।
ग्रेनो मेट्रो रूट डिपो से बोड़ाकी: ग्रेटर नोएडा में डिपो से बोड़ाकी तक प्रस्तावित मेट्रो लाइन लगभग 2.6 किलोमीटर लंबी है। इस मार्ग पर दो स्टेशनों के निर्माण की योजना है। केंद्र सरकार से इसकी मंजूरी मिल चुकी है और फिलहाल मिट्टी की जांच का कार्य चल रहा है।
