अगर आप अपने घर या ऑफिस में एयर कंडीशनर (AC) का इस्तेमाल करते हैं, तो उसके साथ सही प्रकार का MCB (Miniature Circuit Breaker) लगाना बेहद जरूरी है। उपभोक्ता मामले विभाग (Department of Consumer Affairs), भारत सरकार ने 'जागो ग्राहक जागो' अभियान के तहत उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि एयर कंडीशनर के लिए Type-C MCB का ही इस्तेमाल करें। विभाग का कहना है कि इससे AC की सुरक्षित रहता है।
AC के लिए बेस्ट एमसीबी
क्यों जरूरी है Type-C MCB?
सरकार के अनुसार, एयर कंडीशनर का कंप्रेसर (Compressor) चालू होते समय सामान्य उपकरणों की तुलना में काफी अधिक शुरुआती करंट (Starting Current) लेता है। ऐसे में यदि सामान्य MCB का उपयोग किया जाए, तो वह बार-बार ट्रिप हो सकती है, जिससे AC का संचालन प्रभावित होता है।
Type-C MCB विशेष रूप से ऐसे उपकरणों के लिए डिजाइन की गई है, जिनमें शुरुआत के समय हाई इनरश करंट (Inrush Current) आता है। यह शुरुआती अतिरिक्त करंट को बिना अनावश्यक ट्रिप हुए संभाल लेती है और जरूरत पड़ने पर ओवरलोड या शॉर्ट सर्किट से सुरक्षा भी प्रदान करती है।
सुरक्षा के साथ बेहतर प्रदर्शन
उपभोक्ता मामलों के विभाग ने कहा है कि Type-C MCB के इस्तेमाल से एयर कंडीशनर को सुरक्षित संचालन और विश्वसनीय सुरक्षा मिलती है। यह न केवल बिजली से जुड़े जोखिमों को कम करती है, बल्कि AC के प्रदर्शन को भी बेहतर बनाए रखने में मदद करती है।
भारतीय मानकों के अनुसार करें इंस्टॉलेशन
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि AC की वायरिंग और MCB का चयन हमेशा भारतीय विद्युत सुरक्षा मानकों (Indian Standards) के अनुरूप किया जाए। सही क्षमता वाली MCB और उचित इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन से बिजली संबंधी दुर्घटनाओं और उपकरणों को होने वाले नुकसान की आशंका काफी कम हो जाती है।
सरकार की उपभोक्ताओं से अपील
'जागो ग्राहक जागो' अभियान के तहत उपभोक्ता मामले विभाग ने कहा है कि एयर कंडीशनर की सुरक्षा और बेहतर प्रदर्शन के लिए हमेशा Type-C MCB का उपयोग करें। यह एक छोटा लेकिन महत्वपूर्ण कदम है, जो आपके महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को सुरक्षित रखने के साथ-साथ बिजली व्यवस्था को भी अधिक भरोसेमंद बनाता है।
