क्या आपने कभी किसी ऐसे रेस्टोरेंट से खाना ऑर्डर किया है, जिसका कोई डाइन-इन (बैठकर खाने) वाला आउटलेट ही नहीं है? अगर आप भी Zomato या Swiggy से खाना ऑर्डर करते हैं तो इस तरह के बिजनेस मॉडल को लेकर भी जानना चाहिए। दरअसल, इस तरह के बिजनेस मॉडल को क्लाउड किचन (Cloud Kitchen) या घोस्ट किचन (Ghost Kitchen) कहा जाता है। पिछले कुछ वर्षों में यह मॉडल भारत के बड़े शहरों में तेजी से पॉपुलर हुआ है और अब छोटे शहरों में भी इसकी मांग बढ़ रही है।
क्या होता है क्लाउड किचन, घर से कैसे करें शुरू (AI Generated Image)
आप भी कर सकते हैं इसकी शुरुआत
कम लागत, ऑनलाइन ऑर्डर और फूड डिलीवरी ऐप्स की बढ़ती पहुंच की वजह से कई लोग इस बिजनेस की ओर आकर्षित हो रहे हैं। खास बात यह है कि अगर आपके पास अच्छा खाना बनाने का हुनर है, तो आप सीमित निवेश के साथ घर से भी इसकी शुरुआत कर सकते हैं।
क्या होता है Cloud Kitchen?
क्लाउड किचन ऐसा किचन होता है, जहां केवल खाना तैयार किया जाता है। इसमें ग्राहकों के बैठकर खाने की कोई व्यवस्था नहीं होती। पूरा बिजनेस ऑनलाइन ऑर्डर पर आधारित होता है। ग्राहक Zomato, Swiggy या किसी अन्य फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म के जरिए ऑर्डर करते हैं और खाना सीधे उनके घर पहुंचाया जाता है। यानी यहां रेस्टोरेंट की तरह महंगा इंटीरियर, बड़ी जगह या सर्विस स्टाफ की जरूरत नहीं होती। इससे शुरुआती लागत काफी कम हो जाती है।
बड़े शहरों में क्यों बढ़ रही है इसकी लोकप्रियता?
दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे और गुरुग्राम जैसे शहरों में लोगों की बिजी लाइफस्टाइल के कारण ऑनलाइन फूड ऑर्डर करने का चलन तेजी से बढ़ा है। ऐसे में क्लाउड किचन मॉडल भी तेजी से विस्तार कर रहा है।
इसकी लोकप्रियता के पीछे कई कारण हैं-
- कम निवेश में बिजनेस शुरू किया जा सकता है।
- किराया और दूसरे संचालन खर्च कम होते हैं।
- एक ही किचन से कई अलग-अलग फूड ब्रांड चलाए जा सकते हैं।
- ऑनलाइन ऑर्डर मिलने से ग्राहकों तक पहुंच आसान होती है।
- डिलीवरी ऐप्स के जरिए मार्केटिंग का मौका मिलता है।
घर से कैसे करें शुरुआत?
अगर आपके घर में इतनी जगह है कि आप इस जगह का इस्तेमाल एक किचन के रूप में करने के साथ स्वादिष्ट व साफ-सुथरा खाना बना सकते हैं तो घर से भी क्लाउड किचन शुरू किया जा सकता है।
शुरुआत के लिए आपको इन बातों पर ध्यान देना चाहिए-
- ऐसा मेन्यू चुनें जिसमें आपकी अच्छी पकड़ हो।
- खाने की क्वालिटी और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
- स्थानीय नियमों के अनुसार आवश्यक लाइसेंस और पंजीकरण करवाएं।
- आकर्षक पैकेजिंग का इस्तेमाल करें ताकि खाना सुरक्षित और ताजा पहुंचे।
- ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म पर अपने बिजनेस को लिस्ट करें।
- सोशल मीडिया के जरिए अपने ब्रांड का प्रचार करें।
किन चीजों की होगी जरूरत?
क्लाउड किचन शुरू करने के लिए आपको बड़े रेस्टोरेंट जैसी भारी-भरकम व्यवस्था की जरूरत नहीं होती। शुरुआत में गैस स्टोव, बर्तन, रेफ्रिजरेटर, स्टोरेज, पैकेजिंग सामग्री और अच्छी गुणवत्ता की कच्ची सामग्री ही काफी होगी। जैसे-जैसे ऑर्डर बढ़ते हैं, आप अपने किचन और टीम का विस्तार कर सकते हैं।
