कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के सदस्यों के लिए एक राहत भरी खबर है। अब नए और पुराने EPF सदस्यों को अपना यूनीवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) जनरेट करने, उसे एक्टिवेट करने या ऑथेंटिकेट करने के लिए अलग-अलग जटिल प्रक्रियाओं से गुजरने या नियोक्ता पर निर्भर रहने की जरुरत नहीं है। EPFO ने इस पूरी प्रक्रिया को बेहद सरल बनाते हुए इसे 'उमंग' (UMANG) ऐप पर उपलब्ध करा दिया है। इस नई सुविधा की घोषणा श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए की है। अब सदस्य आधार आधारित चेहरे की पहचान (Aadhaar-based face authentication) तकनीक का उपयोग करके अपने मोबाइल से ही यह काम पूरा कर सकते हैं।
स्मार्ट हुआ EPFO: चेहरा पहचान कर खुद एक्टिवेट होगा आपका UAN, जानिए स्टेप-बाय-स्टेप पूरा तरीका! (तस्वीर-AP)
EPF सदस्यों के लिए क्या बदला है?
पहले UAN आवंटन और एक्टिवेशन से जुड़े कई कार्यों के लिए कर्मचारियों को EPFO के पोर्टल पर जाना पड़ता था या फिर दफ्तरों और नियोक्ताओं के चक्कर काटने पड़ते थे। UMANG ऐप में इस सुविधा के जुड़ने से ये सभी काम अब एक ही मोबाइल प्लेटफॉर्म पर आ गए हैं। इस नई प्रणाली की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें बायोमेट्रिक और फेस रिकग्निशन का उपयोग होता है, जिससे शुरुआती सत्यापन के लिए कंपनी या नियोक्ता पर निर्भरता लगभग खत्म हो गई है।
इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए सदस्यों के पास कुछ प्राथमिक चीजें होनी अनिवार्य हैं:-
- एक वैध आधार नंबर (Aadhaar Number)
- आधार से लिंक किया गया चालू मोबाइल नंबर (OTP सत्यापन के लिए)
- मोबाइल में 'Aadhaar Face RD' ऐप (चेहरे के सत्यापन के लिए)
नया UAN कैसे बनाएं और एक्टिवेट करें?
अगर आप पहली बार नौकरी शुरू कर रहे हैं और आपके पास पहले से कोई UAN नहीं है तो आप UMANG ऐप के जरिए नया UAN जनरेट कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले अपने मोबाइल में UMANG ऐप खोलें और 'UAN Allotment and Activation' का विकल्प चुनें। इसके बाद अपना आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करके आधार सत्यापन के लिए अपनी सहमति दें। आपके आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा, जिसे दर्ज करके वेरिफिकेशन पूरा करें।
OTP दर्ज करते ही सिस्टम खुद ही जांच करेगा कि क्या आपके आधार से पहले से कोई UAN तो नहीं जुड़ा है। अगर कोई पुराना UAN दर्ज नहीं मिलता है, तो ऐप आपको फेस ऑथेंटिकेशन (चेहरे की पहचान) के चरण पर ले जाएगा। इसके लिए मोबाइल में 'Aadhaar Face RD' ऐप होना जरूरी है। चेहरे का सत्यापन सफलतापूर्वक पूरा होते ही सिस्टम नया UAN जनरेट कर देगा और इसकी जानकारी SMS के जरिए आपके मोबाइल नंबर पर भेज दी जाएगी।
अगर पहले से UAN है लेकिन वो एक्टिव नहीं है तो क्या करें?
जिन कर्मचारियों के पास पहले से UAN मौजूद है लेकिन उन्होंने उसे अभी तक एक्टिवेट नहीं किया है, वे भी इस ऐप का लाभ ले सकते हैं। इसके लिए ऐप में 'UAN Activation' विकल्प पर जाएं और अपना UAN, आधार नंबर तथा मोबाइल नंबर दर्ज करें। OTP वेरिफिकेशन के बाद UIDAI की मदद से फेस ऑथेंटिकेशन पूरा किया जाएगा। सत्यापन सफल होने पर UAN एक्टिवेट हो जाएगा और आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक अस्थाई पासवर्ड भेज दिया जाएगा। इसके साथ ही आपकी सत्यापित जानकारी EPFO के रिकॉर्ड में भी अपडेट हो जाएगी।
पुराने UAN धारकों के लिए भी फेस ऑथेंटिकेशन की सुविधा
यह नई तकनीक केवल नए यूज़र या इनएक्टिव खातों के लिए ही नहीं है। जिन सदस्यों के पास पहले से एक्टिव UAN मौजूद है, वे भी UMANG ऐप पर फेस ऑथेंटिकेशन का उपयोग करके अपनी पहचान को सत्यापित कर सकते हैं और EPFO रिकॉर्ड को अपडेट रख सकते हैं। इससे EPFO को अपने सदस्यों के डेटा को सटीक और सुरक्षित रखने में मदद मिलती है, साथ ही भविष्य में कागजी या भौतिक सत्यापन की जरुरत भी कम हो जाती है।
UAN एक्टिवेट होने के बाद कौन सी सेवाएं मिलेंगी?
UAN एक स्थाई पहचान संख्या है जो नौकरी बदलने के बावजूद वही रहती है। हालांकि UAN एक्टिवेट करने का मतलब यह नहीं है कि नया EPF खाता खुल गया है, बल्कि यह आपके सभी पुराने और नए PF खातों को एक जगह जोड़ने का काम करता है। UAN एक्टिवेट हो जाने के बाद सदस्य UMANG ऐप से कई डिजिटल सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं:-
- अपने EPF खाते का बैलेंस चेक करना
- EPF पासबुक डाउनलोड करना
- क्लेम (दावे) का स्टेटस ट्रैक करना
- KYC से जुड़ी सेवाओं को मैनेज करना
प्रक्रिया के दौरान समस्या आए तो क्या करें?
अगर डिजिटल प्रक्रिया के दौरान कोई त्रुटि या असफलता होती है, तो घबराने की आवश्यकता नहीं है। अगर गलत आधार या मोबाइल नंबर दर्ज हो गया है, तो जानकारी दोबारा जांच कर दर्ज करें। OTP न आने पर 'Resend OTP' का विकल्प चुन सकते हैं। अगर फेस ऑथेंटिकेशन फेल हो जाता है, तो रोशनी में जाकर दोबारा प्रयास करें। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अगर सिस्टम यह दिखाता है कि "UAN पहले से मौजूद है" तो दूसरा नया UAN बनाने का प्रयास न करें। एक से अधिक UAN होने पर पीएफ रिकॉर्ड के विलय में परेशानियां आ सकती हैं।
