राष्ट्रीय राजधानी में महिलाओं की सुरक्षित और आसान यात्रा सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली सरकार ने सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड 2026 (Saheli Pink Smart Card 2026) लॉन्च किया है। यह पहल “सशक्त नारी, समृद्ध दिल्ली” अभियान का हिस्सा है। यह कार्ड केवल फ्री बस पास नहीं, बल्कि एक डिजिटल स्मार्ट टूल है, जो सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इसके जरिए महिलाएं और ट्रांसजेंडर यात्री बस में “टैप एंड ट्रैवल” सुविधा का लाभ उठा सकेंगी। आइए जानते हैं कि क्या है सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड, कौन कर सकता है आवेदन और कौन-कौन से डॉक्यूमेंट की होगी जरूरत?
Saheli Pink Smart Card Online Apply
योजना का उद्देश्य: डिजिटल और सुरक्षित सफर
सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और ट्रांसजेंडर के लिए पेपर टिकटिंग व्यवस्था को खत्म कर डिजिटल नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) फ्रेमवर्क को लागू करना है। इससे बसों में टिकट जारी करने की प्रक्रिया तेज होगी और ट्रैफिक फ्लो बेहतर होगा।
यह योजना महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय को आर्थिक राहत देने के लिए भी शुरू की गई है, ताकि वे बिना किराया खर्च किए नौकरी, शिक्षा और अन्य आवश्यक सेवाओं तक आसानी से पहुंच सकें। कार्ड में क्यूआर कोड और फोटो जैसी व्यक्तिगत पहचान शामिल होगी, जिससे दुरुपयोग की संभावना कम होगी।
एक कार्ड से पूरी यात्रा
इस स्मार्ट कार्ड के जरिए यात्री दिल्ली की बस सेवा, दिल्ली मेट्रो (DMRC) और नेशनल कैपिटल रिजन ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (NCRTC) द्वारा संचालित RRTS नेटवर्क में भी सफर कर सकेंगे। सरकार इस कार्ड के माध्यम से यात्रा संबंधी डेटा भी एकत्र करेगी, जिससे यात्रियों के पैटर्न को समझकर रूट प्लानिंग और सेवाओं को बेहतर बनाया जा सकेगा।
कौन-कौन बनवा सकता है Saheli Pink Smart Card?
सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड के लिए आवेदन करने हेतु कुछ शर्तें निर्धारित की गई हैं। आवेदक दिल्ली का स्थायी निवासी होना चाहिए। यह योजना सभी महिलाओं और ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिए खुली है। न्यूनतम आयु 12 वर्ष तय की गई है। साथ ही, दिल्ली पते से जुड़ा वैध आधार कार्ड या वोटर आईडी अनिवार्य है।
सहेली पिंक कार्ड के लिए ऐसे करें आवेदन
दिल्ली ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (DTC) की आधिकारिक वेबसाइट या पिंक सहेली पोर्टल पर जाकर “Apply for Pink Saheli Card” पर क्लिक करना होगा। उसके बाद मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करने के बाद नाम, जन्मतिथि और पता जैसी जानकारी भरनी होगी। आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर फॉर्म सबमिट करने पर वेरिफिकेशन प्रक्रिया शुरू होगी। वेरिफाई होने के बाद कार्ड 7-10 दिनों में स्पीड पोस्ट के जरिए घर भेज दिया जाएगा। ऑनलाइन के अलावा DTC बस डिपो, दिल्ली के विभिन्न SDM/DM कार्यालयों या कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर भी सहेली पिंक कार्ड बनवाया जा सकता है।
सहेली पिंक कार्ड के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट
आवेदन के समय आधार कार्ड या वोटर आईडी पहचान और उम्र वेरिफिकेशन के लिए अनिवार्य है। दिल्ली निवास प्रमाण जैसे बिजली बिल, राशन कार्ड या आधार की जरूरत होगी। एक हालिया पासपोर्ट साइज फोटो और ओटीपी सत्यापन के लिए एक्टिव मोबाइल नंबर भी आवश्यक है।
