देश के सबसे नए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों में शामिल Noida International Airport ने यात्रियों के लिए पार्किंग रेट का ऑफियल ऐलान कर दिया है। आपको बता दें कि नोएडया एयरपोर्ट पर 15 जून से कॉमर्शियल फ्लाइट का संचालन शुरू हो चुका है। अब जब एयरपोर्ट संचालन शुरू हो चुका है तो निजी और व्यावसायिक वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग दरें भी लागू कर दी गई हैं।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को आधुनिक व्यवस्थाओं से लैस किया गया है।
नई व्यवस्था का उद्देश्य एयरपोर्ट परिसर में ट्रैफिक को सुव्यवस्थित रखना, यात्रियों को बेहतर सुविधा देना और पिक-अप तथा ड्रॉप-ऑफ प्रक्रिया को तेज बनाना है। अगर आप भी नोएडा एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले हैं या किसी को छोड़ने/लेने जा रहे हैं, तो जेब ढीली करने से पहले पार्किंग से जुड़े इन नियमों और चार्ज को अच्छी तरह जान लें।
एयरपोर्ट की पार्किंग फीस
- एयरपोर्ट प्रबंधन द्वारा जारी शुल्क संरचना के अनुसार निजी वाहनों के लिए पहले 120 मिनट यानी 2 घंटे तक पार्किंग का शुल्क 150 रुपये रखा गया है। इसके बाद प्रत्येक अतिरिक्त घंटे के लिए 100 रुपये देने होंगे। वहीं पूरे दिन (Day Parking) के लिए 600 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है।
- व्यावसायिक वाहनों, जैसे टैक्सी और अन्य कमर्शियल गाड़ियों के लिए पहले 2 घंटे का शुल्क 200 रुपये होगा। इसके बाद प्रत्येक अतिरिक्त घंटे पर 100 रुपये का अतिरिक्त शुल्क लगेगा।
- अगर कोई निजी वाहन को पूरे दिन के लिए एयर पोर्ट की पार्किंग पर खड़ा करता है तो उसे 600 रुपये देने होंगे। अगर व्यावसायिक वाहन को पूरे दिन के लिए एयरपोर्ट पर खड़ा किया जाता है तो 700 रुपये पार्किंग फीस देना होगा।
डिजिटल भुगतान और स्मार्ट पार्किंग सिस्टम
एयरपोर्ट परिसर में पार्किंग संचालन को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाया गया है। पार्किंग शुल्क का भुगतान डिजिटल माध्यमों, कियोस्क और अन्य ऑनलाइन विकल्पों से किया जा सकेगा। इससे प्रवेश और निकास प्रक्रिया तेज होगी तथा नकद भुगतान की आवश्यकता कम होगी। एयरपोर्ट में स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट और पार्किंग मॉनिटरिंग सिस्टम भी लगाया गया है।
7 मिनट तक फ्री एंट्री
- एयरपोर्ट टर्मिनल के ठीक सामने यात्रियों को पिक या ड्रॉप (Pick & Drop) करने के लिए वाहनों को 7 मिनट का मुफ्त समय (Free Window) दिया गया है।
- अगर आपकी गाड़ी यात्री को उतारकर या बिठाकर 7 मिनट के भीतर टर्मिनल परिसर से बाहर निकल जाती है, तो आपसे कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
- यदि गाड़ी 7 मिनट से ज्यादा समय तक टर्मिनल के सामने खड़ी (Idling) रहती है, तो उस पर पेनल्टी या पार्किंग चार्ज लागू हो जाएगा।
