गर्मी का मौसम आते ही घरों में आग लगने की घटनाएं तेजी से बढ़ने लगती हैं और हाल के कुछ दिनों में आगलगी की घटनाएं हमने देखी भी है। बढ़ती गर्मी, ओवरलोड बिजली उपकरण, शॉर्ट सर्किट और गैस लीकेज जैसी वजहें बड़े हादसों का कारण बन सकती हैं। आग लगने के बाद लोग अग्निशमन विभाग को फोन करते हैं लेकिन जब तक वे आते हैं, तब तक सबकुछ खाक हो चुका होता है। ऐसे में बेहतर यही है कि आपके हर घर में कुछ जरूरी फायर सेफ्टी आइटम जरूर होने चाहिए, ताकि इमरजेंसी की स्थिति में तुरंत आग पर काबू पाया जा सके।
गर्मी के मौसम में घर में जरूर रखें आग बुझाने वाले ये जरूरी सामान, मुसीबत में यही आएंगे काम
फायर एक्सटिंग्विशर सबसे जरूरी
घर में सबसे पहले एक अच्छा Fire Extinguisher यानी आग बुझाने वाला सिलेंडर जरूर रखना चाहिए। यह छोटी आग को फैलने से पहले नियंत्रित करने में मदद करता है। खासकर किचन, बिजली के उपकरण और AC से होने वाली आग में यह बेहद उपयोगी साबित होता है। जानकार ABC Type Fire Extinguisher रखने की सलाह देते हैं, क्योंकि यह कई तरह की आग पर काम करता है।
रेत और पानी की बाल्टी रखें तैयार
अगर अचानक छोटी आग लग जाए, तो रेत की बाल्टी काफी मददगार हो सकती है। रेत आग की ऑक्सीजन सप्लाई रोककर उसे फैलने से रोकती है। वहीं सामान्य आग के लिए पानी की बाल्टी भी उपयोगी होती है। हालांकि बिजली की आग पर कभी भी सीधे पानी नहीं डालना चाहिए।
फायर ब्लैंकेट भी है बेहद काम की चीज
आजकल बाजार में Fire Blanket भी आसानी से मिल जाता है। यह खास तरह का कपड़ा होता है जिसे आग पर डालकर उसकी लपटों को दबाया जाता है। किचन में तेल या गैस सिलेंडर से लगी छोटी आग में यह काफी प्रभावी माना जाता है।
स्मोक अलार्म दे सकता है समय पर चेतावनी
घर में Smoke Alarm या Smoke Detector लगाना भी बेहद जरूरी माना जाता है। यह धुआं महसूस होते ही अलार्म बजाकर लोगों को सतर्क कर देता है। खासतौर पर रात के समय यह उपकरण बड़ी दुर्घटना को टाल सकता है।
बिजली उपकरणों की जांच भी जरूरी
सिर्फ फायर सेफ्टी सामान रखना ही काफी नहीं है, बल्कि घर की वायरिंग, प्लग और बिजली उपकरणों की समय-समय पर जांच भी जरूरी है। पुराने तार और ओवरलोड एक्सटेंशन बोर्ड गर्मियों में आग का बड़ा कारण बनते हैं।
