Important Tips for Homebuyers: हम सभी का सपना होता है कि किसी बड़े शहर में हमारा अपना घर हो और इसी सपने को पूरा करने के लिए हम अपने परिवार से दूर नौकरी या कोई छोटा-मोटा बिजनेस करते हैं। ये तो हम सभी जानते हैं कि घर-मकान खरीदना एक आम आदमी के लिए बहुत बड़ी डील होती है, इसलिए ऐसी डील करते वक्त हमें काफी सावधान रहना चाहिए। शहरों में काम करने वाले बिल्डर नए लोगों को या कम जानकारी वाले लोगों को ठगने के लिए तरह-तरह के ऑफर्स की पेशकश करते हैं।
घर खरीदते वक्त खरीदारों को हमेशा कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए
एक समझदार खरीदार वही होता है जो बिल्डरों के ऑफर्स के लालच में नहीं फंसता। इससे वह बिल्डर द्वारा ठगे जाने से भी बच जाता है। आमतौर पर बिल्डर्स ग्राहकों को फंसाने के लिए 3 तरह के जाल फेकते हैं, आइए जानते हैं।
फ्री पार्किंग स्पेस
सुप्रीम कोर्ट और रियल एस्टेट अधिनियम ओपन पार्किंग स्पेस को कॉमन एरिया के रूप में मानता है। इसलिए ओपन पार्किंग स्पेस को कोई भी बिल्डर कानूनी रूप से बेच नहीं सकता। यदि कोई बिल्डर आपको फ्री में ओपन पार्किंग स्पेस देने की बात करता है तो सतर्क हो जाएं क्योंकि पार्किंग के रूप में ऐसी चारदीवारी को ही मान्यता दी गई है, जो 3 तरफ से दीवार और एक तरफ से शटर से बंद हो और उस पर छत भी हो।
0% की ब्याज दर पर होम लोन
अगर किसी भी खरीदार को 0% की ब्याज दर पर होम लोन का ऑफर मिले तो वह निश्चित रूप से काफी खुश हो जाएगा। लेकिन क्या ये वाकई में संभव है? दरअसल, कई बिल्डर पहले 10 से 50 ग्राहकों को शुरुआती कुछ महीनों के लिए 0% की ब्याज दर पर लिमिटेड पीरियड के लिए होम लोन ऑफर करते हैं। जिसके बाद ग्राहकों को मौजूदा ब्याज दर पर ही लोन की चुकौती करनी पड़ती है। ऐसे मामलों में बिल्डर बहुत चालाकी से शुरुआती महीनों के ब्याज को घर की कीमत में ही जोड़ देते हैं।
मुफ्त का लालच
ज्यादातर बिल्डर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए फ्री क्लब मेंबरशिप, फ्री स्टांप ड्यूटी, फ्री रजिस्ट्रेशन चार्ज जैसे ऑफर दे सकते हैं। लेकिन ध्यान रहें कि इन सभी चीजों के चार्ज पहले से ही घर की कीमत में जुड़े रहते हैं।
