How to Detect Hidden Cameras: आज के समय में तकनीक बहुत तेजी से आगे बढ़ रही है, लेकिन इसके साथ-साथ प्राइवेसी से जुड़ी चिंताएं भी बढ़ने लगी हैं। कई बार होटल रूम, ट्रायल रूम या चेंजिंग रूम में छिपे हुए कैमरों की खबरें सामने आती हैं। ऐसे में अपनी सुरक्षा और प्राइवेसी बनाए रखने के लिए यह जानना जरूरी है कि Hidden Camera को कैसे पहचाना जा सकता है। इस आर्टिकल में कुछ तरीके बताने जा रहे हैं, जिनकी मदद से आप हिडन कैमरा की पहचान कर सकते हैं-
कैसे ढूंढें हिडन कैमरा (Photo: iStock)
कमरे को ध्यान से देखें
सबसे पहले होटल रूम या चेंजिंग रूम में एंट्री करने के बाद कमरे को ध्यान से देखें। खासतौर पर ऐसी जगहों पर ध्यान दें जहां से पूरे कमरे का साफ दृश्य मिल सकता हो। जैसे दीवार के कोने, घड़ी, फोटो फ्रेम, स्मोक डिटेक्टर, टेबल लैंप या सजावटी वस्तुएं। अगर किसी वस्तु में छोटा सा छेद या असामान्य हिस्सा दिखे तो आपको तुरंत सतर्क हो जाना चाहिए।
लाइट बंद करें
Hidden Camera में अक्सर एक छोटा लेंस होता है जो रोशनी में हल्की चमक दे सकता है। कमरे की सभी लाइट बंद कर धीरे-धीरे चारों तरफ देखें। अगर कहीं से छोटी सी चमक दिखाई दे तो उस जगह को ध्यान से जांचें।
मोबाइल फोन का इस्तेमाल करें
आप अपने मोबाइल फोन की मदद से भी Hidden Camera का पता लगाने की कोशिश कर सकते हैं। कमरे की लाइट बंद कर मोबाइल का कैमरा ऑन करें और कमरे में इधर-उधर घुमाएं। कई बार कैमरे का इन्फ्रारेड लाइट मोबाइल कैमरे में दिखाई दे सकती है।
शीशे की जांच करें
कुछ मामलों में टू-वे मिरर का इस्तेमाल भी किया जाता है। इसे पहचानने के लिए शीशे पर अपनी उंगली रखें। अगर उंगली और उसके प्रतिबिंब के बीच थोड़ा गैप दिखे तो शीशा सामान्य है, लेकिन अगर दोनों लगभग चिपके हुए दिखें तो सावधानी बरतनी चाहिए।
संदिग्ध वस्तु की तुरंत जानकारी दें
अगर आपको किसी वस्तु पर शक हो तो उसे खुद छेड़ने की बजाय तुरंत होटल स्टाफ या संबंधित प्रबंधन को इसकी जानकारी दें। जरूरत पड़ने पर पुलिस में शिकायत करना भी जरूरी हो सकता है।
इस तरह थोड़ी-सी सतर्कता और जागरूकता से आप होटल या चेंजिंग रूम में अपनी प्राइवेसी की बेहतर सुरक्षा कर सकते हैं। यात्रा या शॉपिंग के दौरान इन आसान तरीकों को ध्यान में रखना हमेशा फायदेमंद साबित हो सकता है।
