Free update of Aadhaar online: अगर आपने अभी तक अपने आधार कार्ड में जरूरी दस्तावेज अपडेट नहीं करवाए हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार अपडेट करने की फ्री ऑनलाइन सुविधा की अंतिम तारीख बढ़ाकर अब 14 जून 2026 कर दी है। पहले यह सुविधा 14 जून 2025 तक ही उपलब्ध थी। यानी अब आपको एक साल तक आधार डॉक्यूमेंट अपडेट के लिए पैसा खर्च नहीं करना होगा।
अब 14 जून 2026 तक फ्री में अपडेट करवा सकेंगे डॉक्यूमेंट्स
UIDAI ने अपने आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर जानकारी देते हुए बताया कि करोड़ों आधारधारकों को लाभ पहुंचाने के लिए यह सुविधा myAadhaar पोर्टल पर बिल्कुल फ्री में उपलब्ध कराई जा रही है। इस पहल का उद्देश्य आधार डेटाबेस को सही और अपडेट बनाए रखना है।
किसे करवाना चाहिए आधार अपडेट?
UIDAI ने विशेष रूप से उन लोगों से आग्रह किया है, जिन्होंने 10 साल से अधिक समय पहले आधार बनवाया है और अब तक अपडेट नहीं करवाया है, कि वे अपने पहचान (PoI) और पते (PoA) से जुड़े दस्तावेज जरूर अपडेट करवा लें। शादी, स्थानांतरण या अन्य कारणों से नाम, पता आदि में बदलाव होने पर यह प्रक्रिया और भी जरूरी हो जाती है।
मोबाइल नंबर, बायोमेट्रिक्स कैसे अपडेट करें?
यदि आपको मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, बायोमेट्रिक डाटा (फिंगरप्रिंट, आईरिस) या फोटो अपडेट करवाना है, तो इसके लिए आपको निकटतम आधार एनरोलमेंट/अपडेट सेंटर पर जाना होगा और निर्धारित फीस देना होगा। केवल डॉक्यूमेंट अपडेट की प्रक्रिया ही ऑनलाइन और फ्री है।
फ्री में कैसे करें ऑनलाइन आधार अपडेट ?
- वेबसाइट https://myaadhaar.uidai.gov.in/ पर जाएं।
- अब यहां 12 अंकों के आधार नंबर व ओटीपी की मदद से लॉगिन करें।
- अपनी प्रोफाइल में दिखाई दे रही जानकारी की पुष्टि करें।
- “I verify that the above details are correct” पर क्लिक करें।
- पहचान पत्र (PoI) चुनें और अपलोड करें (2MB से कम; JPEG, PNG, PDF)।
- पता प्रमाण (PoA) चुनें और अपलोड करें (2MB से कम; JPEG, PNG, PDF)।
- अपनी सहमति दें और सबमिट करें।
- सफलतापूर्वक प्रोसेस पूरा होने के बाद एक्नॉलेजमेंट रिसीट डाउनलोड करें।
ध्यान देने योग्य बातें
- यह सेवा केवल myAadhaar पोर्टल पर ही उपलब्ध है।
- फिजिकल सेंटर पर अपडेट करवाने पर अब भी फीज लगेगी।
- 14 जून 2026 के बाद से इस सेवा के लिए शुल्क लिया जा सकता है।
