FLY91: देश के एविएशन सेक्टर में हाल ही में उतरने वाली एयरलाइन कंपनी फ्लाई91 ने सोमवार को गोवा से बेंगलुरु के लिए पहली उड़ान भरते ही अपना कमर्शियल ऑपरेशन शुरू कर दिया। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि यह उड़ान गोवा के मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सुबह 7.55 बजे बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के लिए रवाना हुई। क्षेत्रीय एयरलाइन ने सोमवार को बेंगलुरु से सिंधुदुर्ग के लिए भी अपनी पहली उड़ान का परिचालन किया।
Credit: X/fly91_IN
स्पेशल किराया
एयरलाइन कंपनी ने 1,991 रुपये के स्पेशल किराये (सभी टैक्स समेत) की पेशकश की है। उन्होंने कहा कि शुरुआती ऑफर फ्लाई91 के सभी उड़ान क्षेत्रों पर लागू होगा। कमर्शियल ऑपरेशन शुरू होने पर फ्लाई91 के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मनोज चाको ने कहा कि वाणिज्यिक उड़ान का शुभारंभ एयरलाइन की भारत को इस तरह से जोड़ने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
शुरुआती फ्लाइट
कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि फ्लाई91 शुरुआत में गोवा, हैदराबाद, बेंगलुरु और सिंधुदुर्ग के बीच उड़ान की पेशकश कर रही है। कंपनी की अप्रैल में अगाती, जलगांव और पुणे के लिए परिचालन शुरू करने की योजना है। उन्होंने कहा कि एयरलाइन सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को गोवा और बेंगलुरु के बीच उड़ानों का परिचालन करेगी। बेंगलुरु और सिंधुदुर्ग के बीच प्रति सप्ताह इतनी ही उड़ानें संचालित की जाएंगी। एयरलाइन गोवा और हैदराबाद के बीच और सिंधुदुर्ग और हैदराबाद के बीच भी सप्ताह में दो बार उड़ान भरेगी।
बेड़े में दो विमान
गोवा की इस एयरलाइन के बेड़े में वर्तमान में दो एटीआर 72-600 विमान हैं। ऑपरेशन के पहले साल में एयरलाइन चार और विमान जोड़ेगी। शुरुआती चरण में फ्लाई91 गोवा के मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और बेंगलुरु तथा हैदराबाद के बीच उड़ानों का परिचालन करेगी। इसके अलावा एयरलाइन महाराष्ट्र में सिंधुदुर्ग से बेंगलुरु और हैदराबाद के बीच संपर्क भी प्रदान करेगी।
इसके बाद एयरलाइन अगाती, पुणे, जलगांव और नांदेड़ के लिए उड़ानें शुरू करेगी। लक्षद्वीप में अगाती के लिए सेवाएं अप्रैल से शुरू होंगी। वर्तमान में, एयरलाइन के कर्मचारियों की संख्या लगभग 200 है और परिचालन के पहले वर्ष के अंत तक यह बढ़कर 350 से 360 हो जाएगी।
