दिल्ली में सर्दियों का मौसम शुरू होते ही प्रदूषण की समस्या बढ़ने लगती है। हवा में धूल और जहरीले कणों की मात्रा बढ़ने से लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगती है। ऐसे में प्रदूषण को कम करने के लिए सरकार और प्रशासन की ओर से कई कदम उठाए जाते हैं। इनमें वाहनों से निकलने वाले धुएं को कम करना भी शामिल है। यही वजह है कि प्रदूषण बढ़ने पर दिल्ली में गाड़ियों को लेकर कई तरह के नियम लागू किए जाते हैं।
प्रदूषण को कम करने के लिए दिल्ली सरकार ने कई तरह के नियम लागू कर रखे हैं।
अगर आप भी दिल्ली में अपनी कार या बाइक चलाते हैं, तो इन नियमों के बारे में जानना आपके लिए जरूरी है। नियमों का पालन नहीं करने पर आपका चालान कट सकता है और कुछ मामलों में गाड़ी चलाने पर रोक भी लग सकती है। आइए आसान भाषा में जानते हैं कि प्रदूषण के दौरान वाहन चालकों को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
गाड़ी का PUC सर्टिफिकेट जरूर रखें
दिल्ली में वाहन चलाने वालों के लिए PUC यानी पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल सर्टिफिकेट रखना बहुत जरूरी है। यह सर्टिफिकेट बताता है कि आपकी गाड़ी से निकलने वाला धुआं तय प्रदूषण मानकों के अंदर है या नहीं। अगर आपके वाहन का PUC सर्टिफिकेट एक्सपायर हो गया है, तो जल्द से जल्द इसकी जांच करवाकर नया सर्टिफिकेट बनवा लें। दिल्ली में पेट्रोल, डीजल और CNG वाहनों को वैध PUC सर्टिफिकेट दिखाने पर ही ईंधन देने का निर्देश भी जारी किया गया है। इसलिए गाड़ी चलाते समय इसका ध्यान जरूर रखें।
पुरानी गाड़ियों के नियमों को समझें
दिल्ली में पुरानी गाड़ियों को लेकर भी सख्त नियम हैं। यहां 10 साल से ज्यादा पुरानी डीजल और 15 साल से ज्यादा पुरानी पेट्रोल गाड़ियों को लेकर प्रतिबंध लागू हैं। इसके अलावा, प्रदूषण का स्तर बढ़ने पर GRAP के तहत कुछ खास BS-III पेट्रोल और BS-IV डीजल चार पहिया वाहनों पर भी रोक लगाई जा सकती है।
इसलिए अपनी गाड़ी का रजिस्ट्रेशन और उसका BS एमिशन स्टैंडर्ड जरूर चेक करें। खासतौर पर दूसरे राज्यों से दिल्ली आने वाले वाहन चालकों को नियमों की जानकारी पहले ही ले लेनी चाहिए।
GRAP के नियमों का रखें ध्यान
दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बढ़ने पर GRAP यानी ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान लागू किया जाता है। इसके तहत प्रदूषण की गंभीरता के हिसाब से अलग-अलग पाबंदियां लगाई जाती हैं। GRAP को चार चरणों में बांटा गया है। जैसे-जैसे प्रदूषण बढ़ता है, वैसे-वैसे नियम भी सख्त होते जाते हैं। गंभीर प्रदूषण की स्थिति में कुछ गाड़ियों की आवाजाही पर रोक लगाई जा सकती है। इसलिए वाहन चालकों को यह जरूर देखना चाहिए कि फिलहाल GRAP का कौन-सा चरण लागू है।
धुआं निकलने पर न करें इस्तेमाल
अगर आपकी गाड़ी से काला या बहुत ज्यादा धुआं निकल रहा है, तो उसे सड़क पर लेकर जाने से बचें। ऐसी गाड़ियां हवा को ज्यादा प्रदूषित करती हैं। साथ ही, ट्रैफिक पुलिस की जांच के दौरान आपके खिलाफ कार्रवाई भी हो सकती है। बेहतर होगा कि आप समय-समय पर अपनी गाड़ी की सर्विस करवाएं। इंजन में खराबी होने पर उसे ठीक करवाएं, ताकि गाड़ी से कम से कम धुआं निकले।
दिल्ली में बाहर से आने वाले वाहन चालक इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम या किसी दूसरे शहर से अपनी गाड़ी लेकर दिल्ली आ रहे हैं, तो आपको वाहन से जुड़े नियमों की जानकारी जरूर होनी चाहिए। दिल्ली में दूसरे राज्यों में रजिस्टर्ड BS-VI से कम मानक वाले वाहनों के प्रवेश और आवाजाही पर मौसमी प्रतिबंध भी लागू किए गए हैं। हालांकि, CNG और इलेक्ट्रिक वाहनों समेत कुछ श्रेणियों को छूट मिलती है।
इसके अलावा, माल ढोने वाले वाहनों और दूसरे राज्यों से आने वाली बसों के लिए भी अलग-अलग नियम हैं। इसलिए दिल्ली आने से पहले ट्रैफिक पुलिस की ताजा एडवाइजरी जरूर देख लें।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट का करें इस्तेमाल
प्रदूषण के दौरान कोशिश करें कि आप अपनी निजी गाड़ी की जगह मेट्रो, बस या दूसरे सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें। अगर एक ही रास्ते पर कई लोगों को जाना है, तो कार पूलिंग भी अच्छा विकल्प है। इससे सड़कों पर गाड़ियों की संख्या कम होगी और वाहनों से निकलने वाले धुएं में भी कमी आएगी। इसके अलावा, कम दूरी के लिए पैदल चलना या साइकिल का इस्तेमाल करना भी बेहतर हो सकता है।
गाड़ी के जरूरी कागजात साथ रखें
दिल्ली में प्रदूषण के दौरान ट्रैफिक पुलिस की ओर से वाहनों की जांच की जा सकती है। ऐसे में लोगों को अपने साथ गाड़ी से संबंधित डॉक्यूमेंट्स को जरूर साथ रखना चाहिए।
- गाड़ी का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC)
- वैध PUC सर्टिफिकेट
- ड्राइविंग लाइसेंस
- गाड़ी का इंश्योरेंस
- जरूरत पड़ने पर परमिट से जुड़े दस्तावेज
आपको बता दें कि इन सभी जरूरी डॉक्यूमेंट्स की सेफ्टी के लिए आप इन्हें सरकार ऐप DigiLocker या mParivahan ऐप में भी रख सकते हैं। इसका एक बड़ा फायदा यह है कि डिजीलॉकर में डेटा सेव रखने के बाद आपको डॉक्यूमेंट साथ में लेकर नहीं चलना होगा।
दिल्ली में कौन-से नियम लागू हैं?
17 नवंबर 2026 को CAQM ने दिल्ली-NCR में GRAP के तीसरे चरण की पाबंदियां हटा दी थीं। हालांकि, पहले और दूसरे चरण के नियम लागू रखने का फैसला किया गया था। इसका मतलब है कि प्रदूषण कम होने के बावजूद वाहन चालकों को नियमों का पालन करना जरूरी है।
