दिल्ली में बसों से सफर करने वाली महिलाओं के लिए 1 अक्टूबर 2026 से DTC और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा का नया नियम लागू होने जा रहा है। अब महिलाओं को बस में फ्री सफर करने के लिए कागज वाले पिंक टिकट की जगह Saheli Pink Smart Card इस्तेमाल करना होगा। यानी पिंक कागज टिकट का इस्तेमाल 30 सितंबर के बाद नहीं किया जा सकेगा। नए नियम के तहत बस में चढ़ने के बाद कार्ड को इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन (ETM) पर टैप करना होगा। अगर आपके पास ये कार्ड नहीं होगा तो आप महिला होने के बावजूद फ्री ट्रैवल का लाभ नहीं ले सकेंगी। आपको दूसरे यात्रियों की तरह ही पैसे देकर टिकट लेना होगा।
घर बैठे ऐसे बनवाएं Pink Saheli Smart Card
कौन बनवा सकता है पिंक कार्ड?
Saheli Pink Smart Card दिल्ली में रहने वाली 5 साल या उससे अधिक उम्र की महिला और ट्रांसजेंडर निवासी बनवा सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड और आधार से लिंक एक्टिव मोबाइल नंबर जरूरी है। आधार कार्ड पर दिल्ली का पता दर्ज होना जरूरी है। पहली बार कार्ड बनवाने पर कोई फीस नहीं देनी होगी। हालांकि, अगर आपका पहला कार्ड खो जाता है, खराब हो जाता है तो नया कार्ड लेने के लिए 59 रुपये का रिप्लेसमेंट चार्ज देना पड़ेगा। एक बार कार्ड ले लेते हैं तो यह जारी होने की तारीख से अगले 5 साल तक वैलिड रहेगा।
घर बैठे ऐसे बनवाया जा सकता है Saheli Pink Smart Card
- Saheli Pink Smart Card बनवाने के लिए सबसे पहले MufinPay पोर्टल पर आना होगा।
- अब DTC NCMC Card ऑप्शन पर क्लिक करना होगा।
- अब Apply Online For Saheli Pink Card पर क्लिक करना होगा।
- अब अपना नाम और मोबाइल नंबर की डिटेल्स शेयर करें।
- अब फोन पर आए OTP को दर्ज करें और आधार नंबर दर्ज करें।
- अब Send Aadhaar OTP पर क्लिक करें।
- अब Verify Aadhaar OTP पर क्लिक करते ही वेरिफिकेशन पूरा हो जाएगा।
आपको अपनी एक्नॉलेजमेंट स्लिप को डाउनलोड कर संभाल कर रखना होगा। इस स्लिप को दिखा कर आप किसी भी डीटीसी बस पास काउंटर पर जाकर अपना फिजिकल कार्ड पा सकते हैं। हालांकि, ध्यान रहे कि ऑनलाइन अप्लाई करने के बाद इस क्यूआर कोड को ज्यादा लंबे समय तक संभाल कर नहीं रख सकते। जेनरेटेड क्यूआर कोड के ठीक नीचे इसकी वैलिड डेट भी नजर आएगी। इस डेट से पहले आपको अपना फिजिकल कार्ड लेना होगा।
मेट्रो में भी कर सकेंगी इस्तेमाल
अच्छी बात ये है कि इस कार्ड को केवल DTC और क्लस्टर बसों में ही इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड को दिल्ली मेट्रो और RRTS में भी इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन इसके लिए आपको अपना कार्ड खुद रिचार्ज करना होगा।
