ITR Correction: इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने की डेडलाइन खत्म होने में अब बस कुछ ही दिन बचे हैं। ऐसे में कई लोग आखिरी समय की भागदौड़ से बचने के लिए ITR दाखिल करते समय गलतियां कर सकते हैं। वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए ITR दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई, 2024 है। अगर ITR भरते समय गलतियां हो गई हैं, तो परेशान न हों क्योंकि आप इसे सुधार सकते हैं। गलत बैंक बैंक अकाउंट नंबर दर्ज करना, गलत तरीके से कटौती का क्लेम या फिर इंटरेस्ट से होने वाली इनकम की गलत डिटेल्स जैसी गलतियां, आईटीआर भरते समय हो सकती हैं। इसलिए इनकम टैक्स विभाग टैक्सपेयर्स को ITR में बदलाव कर फाइल करने की सुविधा देता है।
आईटीआर फाइलिंग (तस्वीर-Canva)
गलतियों को सुधारने की अनुमति
रिवाइज्ड ITR टैक्सपेयर्स को अपना इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करते समय गलतियों को सुधारने की अनुमति है। इनकम टैक्स अधिनियम, 1961 की धारा 139(5) के अनुसार, यदि किसी को पता चलता है कि उसने अपना कर रिटर्न दाखिल करने में कोई गड़बड़ी की है या कुछ छोड़ दिया है, तो वह इसे ठीक करने के लिए रिवाइज्ड रिटर्न फाइल कर सकता है। इसमें वे लोग भी शामिल हैं जो डेडलाइ के बाद अपना ITR दाखिल करते हैं (विलंबित ITR)।
कौन फाइल कर सकता है रिवाइज्ड रिटर्न
पहले, केवल वे टैक्सपेयर्स ही अपने रिटर्न में बदलाव कर सकते थे, जिन्होंने डेडलाइन से पहले अपना आईटीआर दाखिल किया हो। अब वे लोग भी अपने रिटर्न को रिवाइज्ड कर सकते हैं जिन्होंने देर से ITR दाखिल किया है। आप एसेसमेंट ईयर की समाप्ति से 3 महीने पहले या एसेसमेंट पूरा होने से पहले रिवाइज्ड इनकम टैक्स (ITR) दाखिल कर सकते हैं। उदाहरण के लिए अगर आपने वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए अपना ITR दाखिल किया है, तो रिवाइज्ड रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर, 2024 है।
कैसे फाइल कर सकते हैं रिवाइज्ड रिटर्न
- अगर मौजूदा टैक्स एसेसमेंट ईयर के लिए आपका ITR केंद्रीकृत प्रसंस्करण केंद्र (CPC) के जरिए प्रोसेस किया गया है, तो आप सुधार के जरिए गड़बड़ियों को ठीक कर सकते हैं।
- CPC से आपके टैक्स रिटर्न के प्रोसेस में गलतियों के लिए सुधार रिक्वेस्ट करने के लिए अपने ई-फाइलिंग खाते में लॉग इन करें।
- इस तरह से केवल उन गलतियों को सुधारा जा सकता है जो रिकॉर्ड से स्पष्ट हैं। यदि आपको अपने दाखिल किए गए ITR में कोई गलती दिखाई देती है और इसे अभी तक CPC द्वारा प्रोसेस नहीं किया गया है, तो आपको इसके बजाय एक रिवाइज्ड रिटर्न जमा करना चाहिए।
- आप ई-फाइलिंग पोर्टल पर सुधार अनुरोध सेवा का उपयोग विशेष रूप से धारा 143(1) के तहत CPC के आदेश या नोटिस में पहचानी गई गलतियों के लिए कर सकते हैं।
- हालांकि, आप इस सर्विस का उपयोग नई छूट या कटौती का क्लेम करने के लिए नहीं कर सकते।
- आय, बैंक डिटेल्स या एड्रेस में बदलाव के लिए, आपको इन्हें सुधार अनुरोध के माध्यम से नहीं, बल्कि रिवाइज्ड रिटर्न के माध्यम से अपडेट करना चाहिए।
- आप जितना चाहें उतना रिवाइज्ड रिटर्न जमा कर सकते हैं। जब भी आप रिवाइज्ड रिटर्न दाखिल करते हैं, तो आपको अपने मूल ITR से सभी डिटेल्स शामिल करने होंगे।
