सोशल मीडिया पर लोग भले ही गैस सिलेंडर की किल्लत के दावे कर रहे हों, लेकिन सरकारी आंकड़े इसके विपरित हैं। भारत पेट्रोलियम (Bharat Petroleum) ने देशभर में एलपीजी सप्लाई को लेकर बड़े आंकड़े साझा किए हैं। कंपनी के मुताबिक पिछले 10 दिनों के दौरान देश में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई बिना किसी रुकावट के जारी रही। कंपनी ने कहा कि लगातार रीफिलिंग और वितरण व्यवस्था के जरिए उपभोक्ताओं तक समय पर गैस पहुंचाई गई।
BPCL ने 10 दिन में 1.1 करोड़ सिलेंडर घर-घर पहुंचाए
1.11 करोड़ से ज्यादा घरेलू सिलेंडर की सप्लाई
जारी आंकड़ों के अनुसार, 11 मई से 20 मई के बीच 1 करोड़ 11 लाख से ज्यादा घरेलू LPG सिलेंडर वितरित किए गए। कंपनी का कहना है कि देशभर में रसोई गैस की उपलब्धता बनाए रखने के लिए लगातार सप्लाई चेन को सक्रिय रखा गया।
कमर्शियल सिलेंडर की भी बड़ी डिलीवरी
BPCL ने जानकारी दी कि इस अवधि में 19 किलोग्राम वाले 3 लाख 3 हजार से ज्यादा कमर्शियल सिलेंडर भी सप्लाई किए गए। होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारों के लिए गैस की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने पर खास ध्यान दिया गया।
छोटे सिलेंडरों की मांग भी बढ़ी
कंपनी के आंकड़ों के मुताबिक 5 किलोग्राम वाले FTL सिलेंडरों की भी 1 लाख 15 हजार से ज्यादा डिलीवरी की गई। ये छोटे सिलेंडर खासतौर पर ग्रामीण इलाकों और सीमित जरूरत वाले उपभोक्ताओं के बीच लोकप्रिय माने जाते हैं।
सप्लाई चेन को मजबूत रखने का दावा
BPCL ने कहा कि देशभर में ईंधन और गैस की उपलब्धता बनाए रखने के लिए लगातार रीप्लेनिशमेंट प्रक्रिया जारी रखी गई। कंपनी के अनुसार, वितरण नेटवर्क और लॉजिस्टिक्स सिस्टम को सक्रिय रखकर उपभोक्ताओं तक समय पर LPG पहुंचाने का प्रयास किया गया।
