Ayushman Card Apply: केंद्र सरकार की प्रमुख स्वास्थ्य योजना प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना (Pradhan Mantri Ayushman Bharat Yojana) के तहत पात्र नागरिकों को हर साल 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलता है, लेकिन कई मामलों में देखा गया है कि इस योजना से जुड़े (एम्पैनल्ड) अस्पताल भी उन मरीजों को मुफ्त इलाज देने से इनकार कर देते हैं जिनके पास आयुष्मान कार्ड (Ayushman Card) है। ऐसे में सरकार से शिकायत करना बहुत जरूरी है। सरकार ने इसके लिए सुविधा भी दी है लेकिन लोगों को इसकी जानकारी नहीं है। आइए जानते हैं...
आयुष्मान दिखाने पर अस्पताल ने कहा ‘इलाज नहीं होगा’? यहां करें शिकायत, सीधे होगी सख्त कार्रवाई!
अस्पताल मना करे तो तुरंत करें शिकायत
अगर कोई अस्पताल आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद इलाज देने से मना करता है, तो मरीज तुरंत आधिकारिक पोर्टल PMJAY Grievance Portal पर शिकायत दर्ज कर सकता है। शिकायत करने के लिए आपको पोर्टल पर जाकर “Register Your Grievance” विकल्प चुनना होगा। इसके बाद कैप्चा कोड भरकर संबंधित योजना का चयन करें और जरूरी जानकारी भरकर शिकायत दर्ज करें। इस प्रक्रिया के बाद मामले की जांच की जाती है और दोषी अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई भी हो सकती है।
हेल्पलाइन और ऐप से भी दर्ज कर सकते हैं शिकायत
सरकार ने शिकायत के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14555 भी जारी किया है। इसके अलावा राज्य स्तर के नंबरों पर भी संपर्क किया जा सकता है, जैसे उत्तर प्रदेश के लिए 180018004444। डिजिटल माध्यम से शिकायत दर्ज करने के लिए UMANG एप का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। इसमें Ayushman Bharat सेक्शन में जाकर Grievance Redressal विकल्प के जरिए शिकायत दर्ज की जा सकती है।
शिकायत करते समय इन बातों का रखें ध्यान
शिकायत को मजबूत बनाने के लिए मरीज को कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए। यदि संभव हो तो घटना का फोटो या वीडियो सबूत रखें। साथ ही आयुष्मान कार्ड, अस्पताल के रिकॉर्ड और किसी भी तरह की बातचीत का विवरण सुरक्षित रखें। शिकायत दर्ज करने के बाद मिलने वाले ग्रिवेंस आईडी को नोट करें और तय समय में कार्रवाई न होने पर फॉलो-अप जरूर करें।
क्या है आयुष्मान कार्ड के फायदे
आयुष्मान कार्ड के तहत एक परिवार को सालाना 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर मिलता है। इसमें सेकेंडरी और टर्शियरी केयर से जुड़े कई तरह के इलाज और प्रक्रियाएं शामिल हैं। यह सुविधा सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों दोनों में उपलब्ध होती है।
Ayushman Card
कैसे बनवाएं आयुष्मान कार्ड
जिन लोगों के पास अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं है, वे इसे आसानी से बनवा सकते हैं। इसके लिए नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाना होगा, जहां आपकी पात्रता की जांच की जाएगी। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद आवेदन प्रक्रिया पूरी की जाती है और मंजूरी मिलने पर कार्ड डाउनलोड के लिए उपलब्ध हो जाता है।
