Lhasa Airport: दुनिया के ज्यादातर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कदम रखते ही सबसे पहले नजर ड्यूटी फ्री स्टोर, लग्जरी ब्रांड्स और कैफे पर पड़ती है। लेकिन अगर आप तिब्बत की राजधानी ल्हासा के एयरपोर्ट पर पहुंचें, तो यहां का नजारा बिल्कुल अलग दिखाई देता है। यहां यात्रियों का स्वागत सिर्फ आधुनिक सुविधाएं ही नहीं करतीं, बल्कि मेडिकल शॉप भी उनका इंतजार करती नजर आती हैं। इन दुकानों में ऑक्सीजन सिलेंडर, पल्स ऑक्सीमीटर, ग्लूकोज और हाई एल्टीट्यूड पर काम आने वाली कई जरूरी चीजें आसानी से मिल जाती हैं। यही वजह है कि इस एयरपोर्ट को दुनिया के सबसे अनोखे एयरपोर्ट में गिना जाता है। आइए जानते हैं इस एयरपोर्ट की सुविधाओं (Lhasa Airport Facilities) के बारे में...
दुनिया का सबसे अनोखा एयरपोर्ट - Lhasa Airport
मेडिकल शॉप की इतनी जरूरत क्यों
तिब्बत का ल्हासा शहर समुद्र तल से लगभग 3,600 मीटर से अधिक की ऊंचाई पर बसा हुआ शहर है। इतनी ऊंचाई पर हवा में ऑक्सीजन का स्तर सामान्य मैदानी इलाकों की तुलना में कम होता है। ऐसे में यहां पहली बार आने वाले कई यात्रियों को सांस लेने में तकलीफ, सिरदर्द, थकान, चक्कर या बेचैनी जैसी समस्याएं महसूस हो सकती हैं। यही वजह है कि एयरपोर्ट पर ही ऐसी मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर यात्री तुरंत राहत पा सकें और सेफ तरीके से अपनी यात्रा आगे बढ़ा सकें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'दुनिया की छत' कहे जाने वाले ल्हासा की कहानी, जानें इतनी ऊंचाई पर कैसे रहते हैं लोग
मेडिकल सुविधाएं हैं उपलब्ध
तिब्बत के ल्हासा एयरपोर्ट की मेडिकल दुकानों में पोर्टेबल ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सीजन कैन, पल्स ऑक्सीमीटर, ग्लूकोज और अन्य जरूरी स्वास्थ्य संबंधी सामान आसानी से खरीदा जा सकता है। कई यात्री एयरपोर्ट से बाहर निकलने से पहले ही इन चीजों को अपने साथ ले लेते हैं, क्योंकि ऊंचाई का असर हर व्यक्ति पर अलग-अलग तरीके से पड़ सकता है। यही वजह है कि यहां मेडिकल स्टोर किसी अतिरिक्त सुविधा नहीं, बल्कि यात्रा का अहम हिस्सा बन चुके हैं।
खूबसूरत पहाड़ों के बीच बना एयरपोर्ट
तिब्बत की पहाड़ियों के बीच बना ल्हासा का यह आधुनिक एयरपोर्ट प्राकृतिक सुंदरता और बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर का शानदार मेल है। इसके चारों ओर बर्फीले पहाड़, खुला आसमान और शांत वातावरण यात्रियों को पहली ही नजर में आकर्षित कर लेते हैं। लेकिन इस खूबसूरती के साथ यहां की ऊंचाई भी एक बड़ी चुनौती है, इसलिए यहां की व्यवस्थाएं भी बाकी एयरपोर्ट से अलग दिखाई देती हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: तिब्बत म्यूजियम: जहां की हर धरोहर में दर्ज है तिब्बत की हजारों साल पुरानी कहानी
इन बातों का ध्यान रखें
अगर आप ल्हासा जैसे ऊंचाई वाले शहर की यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो शरीर को धीरे-धीरे उस वातावरण के अनुसार ढलने का समय देना जरूरी है। इसके अलावा पर्याप्त पानी पीना, शुरुआत में ज्यादा शारीरिक मेहनत से बचना और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह के अनुसार ऑक्सीजन या अन्य जरूरी चिकित्सा सहायता लेना समझदारी होगी। यहां आने वाले जिन लोगों को हार्ट या सांस संबंधी समस्याएं हैं, उन्हें ट्रैवलिंग से पहले एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।
