Travel Tips: यात्रा के दौरान होटल में ठहरना जितना आरामदायक होता है, उतना ही कंफ्यूजन भरा भी—खासतौर पर तब, जब बात आती है कमरे में रखे सामान की। कई लोग सोचते हैं कि जो कुछ भी कमरे में रखा है, वह उनका है, जबकि सच्चाई इससे थोड़ी अलग है। अगर आप भी कभी यह सोचकर उलझन में पड़े हैं कि क्या ले जा सकते हैं और क्या नहीं, तो यह जानकारी आपके काम की है। होटल से क्या सामान ले जा सकते हैं, क्या नहीं - कई बार इस जानकारी के अभाव में यात्री अनचाही स्थिति में फंस जाते हैंं। होटल रूम में एंट्री के साथ आपको ये सब पता होना चाहिए।
होटल के कमरे का कौन सामान यूज करने पर पैसा लगेगा
कौन-सी चीजें होटल से घर ले जा सकते हैं
होटल कुछ चीजें खासतौर पर मेहमानों के इस्तेमाल के लिए ही रखते हैं। इन्हें कॉम्प्लिमेंट्री यानी मुफ्त सुविधा माना जाता है। छोटे पैक में मिलने वाले साबुन, शैंपू, कंडीशनर, बॉडी लोशन, शॉवर कैप जैसे टॉयलेट्री आइटम आप बिना किसी झिझक के अपने साथ ले जा सकते हैं।
इसी तरह कमरे में रखे टी-बैग, कॉफी सैशे, शुगर पैकेट, नोटपैड और पेन जैसी चीजें भी आपके इस्तेमाल के लिए होती हैं। अगर होटल ने डिस्पोजेबल (एक बार इस्तेमाल वाली) चप्पलें दी हैं, तो उन्हें भी आप अपने साथ ले जा सकते हैं।
होटल के कमरे की किन चीजों पर चार्ज लगता है
अब बात उन चीजों की, जिन्हें उठाना आपके लिए महंगा पड़ सकता है। होटल के टॉवल, बाथरोब, बेडशीट, तकिए, कंबल, हेयर ड्रायर, इलेक्ट्रिक केतली, ग्लास, क्रॉकरी और सजावटी सामान होटल की संपत्ति होते हैं। इन्हें ले जाना चोरी की श्रेणी में आ सकता है और इसके लिए आपसे भारी चार्ज वसूला जा सकता है।
विशेष रूप से टॉवल और बाथरोब सबसे ज्यादा 'गलती से' उठाए जाने वाले आइटम हैं, जिन पर होटल अक्सर अलग से बिल जोड़ देता है।
टॉवल को लेकर सबसे बड़ा कंफ्यूजन
कई लोग सोचते हैं कि टॉवल भी बाकी छोटी चीजों की तरह ही फ्री होते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। होटल में रखे अलग-अलग टॉवल-जैसे बाथ टॉवल, हैंड टॉवल और फेस टॉवल- सिर्फ इस्तेमाल के लिए होते हैं, घर ले जाने के लिए नहीं।
अगर टॉवल गायब पाया गया, तो होटल उसके बदले में चार्ज लगा सकता है। इसलिए 'सुवेनियर' के तौर पर टॉवल ले जाना भारी पड़ सकता है।
छिपे चार्ज से भी रहें सावधान
आजकल कई होटल कमरे में कुछ प्रीमियम आइटम भी रखते हैं- जैसे फेस मास्क, स्पेशल किट या मिनीबार के प्रोडक्ट। ये दिखने में भले ही फ्री लगें, लेकिन इनके लिए अलग से चार्ज लिया जा सकता है। इसलिए किसी भी चीज का इस्तेमाल करने से पहले मिनीबार लिस्ट या होटल की जानकारी जरूर देख लें।
ट्रैवल एटीकेट का रखें ध्यान
होटल में रहना सिर्फ आराम नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है। जो चीजें आपके लिए रखी गई हैं, उनका इस्तेमाल करें—लेकिन होटल की संपत्ति का सम्मान भी उतना ही जरूरी है। याद रखें, छोटी-छोटी चीजें जैसे शैंपू या कॉफी सैशे आपकी हैं, लेकिन टॉवल, रोब और इलेक्ट्रॉनिक आइटम होटल के हैं।
यह लेख मूल रूप से गौरंगी (Gaurangi) द्वारा लिखा गया है, वह टाइम्स नाउ नवभारत के साथ बतौर इंटर्न जुड़ी हुई हैं।
