Travel Trends 2026: घूमने का ख्याल आते ही दिमाग में समुद्र किनारे बैठना, दोस्तों के साथ चिलआउट करना और शानदार होटल में ठहरने की तस्वीरें आने लगती हैं। लेकिन घुमक्कड़ लोग खासतौर से जेन Z अब छुट्टियों का एक अलग तरीका आजमा रहे हैं। इसमें लोग आराम और ऐशो-आराम वाली जगहों के बजाय ऐसी जगहों पर जाते हैं, जहां जिंदगी थोड़ी मुश्किल और सुविधाएं सीमित होती हैं। इसी ट्रेंड को रिवर्स वेकेशन (Reverse Vacation) कहा जा रहा है।
Reverse Vacation ट्रेंड
क्या है रिवर्स वेकेशन
इस ट्रेंड का सीधा मतलब है ऐसी छुट्टी, जिसमें आप आरामदायक जिंदगी और अपने कंफर्ट लाइफ से निकलकर ऐसी जगह का चुनाव करते हैं जिससे जीवन में चुनौती आए। उदाहरण के लिए अगर आप तमाम सुविधाओं के साथ शहर में रहते हैं तो फिर छुट्टियों के लिए किसी दूरदराज के गांव, पहाड़ी इलाके या ऐसे स्थान का चुनाव कर रहे हैं जहां सुविधाएं कम हों लेकिन अनुभव ज्यादा से ज्यादा किया जा सके। इसका उद्देश्य अपनी जिंदगी को एक अलग नजरिए से देखना और उन छोटी-छोटी सुविधाओं की अहमियत समझना है जो हमें मिली हुई है।
जेन Z को क्यों पसंद आ रहा है यह ट्रेंड
जैसा की हमने पहले भी बताया कि ये ट्रेंड जेन Z के बीच खासा पॉपुलर हो रहा है। डोपामिन डिटॉक्स जैसे ट्रेंड इसी सोच का हिस्सा हैं। इनका मकसद लगातार मिलने वाली डिजिटल और भौतिक सुविधाओं से दूरी बनाकर खुद पर ध्यान देना है। इसमें फोन, इंटरनेट, लग्जरी होटल और हर समय उपलब्ध सुविधाओं से दूर रहकर कुछ दिन ऐसे बिताना है जैसे आप यहां अकेले हों। लग्जरी होटल की जगह गांव का जीवन का चुनाव अपने आप में बड़ी चुनौती है।
कल्पना कीजिए कि आप हमेशा शहर के किसी आलीशान होटल में छुट्टियां बिताते हैं। इस बार आप किसी छोटे गांव में जाकर स्थानीय परिवार के साथ रहते हैं। वहां सुबह जल्दी उठना, आसपास घूमना, स्थानीय खाना खाना और सीमित सुविधाओं के साथ दिन बिताना आपके लिए बिल्कुल अलग अनुभव हो सकता है। ऐसी यात्रा में आपको पता चलता है कि बिना लगातार ऑनलाइन रहे भी दिन बिताया जा सकता है। कई बार साधारण खाना, खुली हवा और शांत वातावरण भी उतना ही सुकून दे सकता है, जितना किसी महंगे रिसॉर्ट का अनुभव।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: गुफा के भीतर विराजमान हैं भगवान शिव, जानिए क्यों खास है श्री केशवनाथेश्वर मंदिर की यात्रा
रिवर्स वेकेशन का सही तरीका
रिवर्स वेकेशन का मतलब यह नहीं कि आप जानबूझकर असुरक्षित जगह पर जाएं। इसका बेहतर तरीका यह है कि आप ऐसी यात्रा चुनें जिसमें आपका आराम भले ही थोड़ा कम हो, लेकिन आपको ज्यादा से ज्यादा वास्तविक अनुभव हो सके। जिस जगह की यात्रा आप चुन रहे हैं उस जगह की संस्कृति को करीब से समझ सकें इसपर आपका फोकस होना चाहिए। इससे आपकी यात्रा केवल घूमने तक सीमित नहीं रहती, बल्कि आप उस जगह को करीब से समझ पाएंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: भारत में बढ़ रहा है Second City Tourism का ट्रेंड, जानें क्यों बदल रही है घूमने की सोच
सोशल मीडिया के लिए नहीं, अनुभव के लिए करें यात्रा
इस ट्रेंड की सबसे बड़ी खूबसूरती तभी है, जब यात्रा का मकसद सिर्फ सोशल मीडिया पर अलग दिखना न हो। अगर कोई व्यक्ति गांव में जाकर वहां की मुश्किल जिंदगी के कुछ वीडियो बनाता है और उसे लगातार पोस्ट करता है, तो वह इस पूरे विचार की भावना को कमजोर कर सकता है। यात्रा का बेहतर तरीका है कि स्थानीय लोगों और उनकी जिंदगी का सम्मान किया जाए। उनकी संस्कृति को समझा जाए, स्थानीय व्यवसायों को समर्थन दिया जाए और पर्यटक होने के बजाय कुछ समय के लिए उस जगह के जीवन को करीब से महसूस करने की कोशिश की जाए।
