Thailand Tourism: भारतीय पर्यटकों के लिए थाईलैंड लंबे समय से फेवरेट ट्रैवल डेस्टिनेशन रही है। थाईलैंड टूरिज्म को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। थाई सरकार ने 30 से अधिक वर्षों में देश में पहली एंथ्रेक्स से संबंधित मौत की पुष्टि के बाद अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा थाईलैंड में दूसरा भी इसी तरह का मामला सामने आया है। टूरिस्टों के लिए स्वास्थ्य संबंधी चेतावनियां नई चिंताएं पैदा कर सकती हैं।
Thailand Tourism
दोनों ही घटनाएं लाओस सीमा के नजदीक मुकदाहन प्रांत में हुई हैं। खबरों की मानें तो ये लोग संक्रमित मवेशियों के सीधे संपर्क में आए थे। मालूम हो कि एंथ्रेक्स, एक जीवाणु संक्रमण है जो आमतौर पर पशुओं को प्रभावित करता है लेकिन यह मनुष्यों के लिए भी उतना ही घातक हो सकता है। आमतौर पर त्वचा के घाव, छाले और सूजे हुए लिम्फ नोड्स जैसे लक्षण ये जीवाणु पैदा करता है।
इन मामलों के सामने आने के बाद थाई स्वास्थ्य अधिकारियों ने निगरानी प्रयासों को तेज कर दिया है। जोखिम समूहों के हिस्से के रूप में पहचाने गए लगभग 638 व्यक्ति फिलहाल निगरानी में हैं और उन्हें निवारक एंटीबायोटिक उपचार दिए जा रहे हैं। यात्रियों को विशेष रूप से पूर्वोत्तर क्षेत्रों में सावधानी बरतने, कच्चे या अधपके मांस के व्यंजन खाने से बचने की सलाह दी गई है।
थाईलैंड अपनी सुरक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य उपायों को बढ़ाने पर फोकस किए हुआ है। 1 मई, 2025 से, सभी विदेशी यात्रियों को देश में प्रवेश करने से पहले एक डिजिटल आगमन कार्ड (TDAC) भरना होगा। इस ऑनलाइन फॉर्म को थाई इमिग्रेशन ब्यूरो की वेबसाइट पर पाया जा सकता है। अधिकारियों को यात्रियों को बेहतर तरीके से ट्रैक करने में ये मदद करेगा।
