हर किसी का सपना होता है कि उसकी शादी किसी ऐसी जगह हो, जहां हर कोना किसी फिल्म के सेट जैसा नजर आए। ऊंची-ऊंची दीवारें, भव्य दरबार, खूबसूरत बगीचे और राजसी माहौल शादी को हमेशा के लिए यादगार बना देते हैं। हाल ही में टीवी अभिनेता और लेखक शैलेश लोढ़ा की बेटी स्वरा की शादी भी राजस्थान के मशहूर उम्मेद भवन पैलेस में हुई। इसी शाही महल में बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा और हॉलीवुड सिंगर निक जोनस ने भी सात फेरे लिए थे। यही वजह है कि यह महल भारत की सबसे लोकप्रिय डेस्टिनेशन वेडिंग लोकेशन में गिना जाता है। अगर आप भी कभी शाही अंदाज में शादी करने का सपना देखते हैं, तो इस महल की खास बातें जरूर जाननी चाहिए।
क्या है उम्मेद भवन पैलेस की खासियत?
जोधपुर में स्थित उम्मेद भवन पैलेस दुनिया के सबसे बड़े निजी महलों में से एक माना जाता है। 20वीं सदी में सुनहरे रंग के पत्थरों से बना यह महल अपनी शानदार बनावट, बड़े-बड़े हॉल, खूबसूरत बगीचों और राजसी माहौल के लिए प्रसिद्ध है। महल का एक हिस्सा आज भी शाही परिवार के निवास के रूप में इस्तेमाल होता है, जबकि दूसरा हिस्सा लग्जरी होटल के रूप में संचालित किया जाता है।
क्यों है सेलिब्रिटी वेडिंग की पहली पसंद?
उम्मेद भवन पैलेस अपनी भव्य सजावट, शानदार मेहमाननवाजी और प्राइवेसी के कारण सेलिब्रिटीज की पसंदीदा वेडिंग डेस्टिनेशन बन चुका है। यहां की रॉयल लोकेशन, विशाल लॉन और ऐतिहासिक माहौल शादी की हर रस्म को बेहद खास बना देते हैं।
कैसे पहुंचें उम्मेद भवन पैलेस?
उम्मेद भवन पैलेस राजस्थान के जोधपुर शहर में स्थित है।
हवाई मार्ग: जोधपुर एयरपोर्ट से महल की दूरी लगभग 5–6 किलोमीटर है।
रेल मार्ग: जोधपुर जंक्शन से यह करीब 6 किलोमीटर दूर है।
सड़क मार्ग: जयपुर, उदयपुर, जैसलमेर और अन्य बड़े शहरों से जोधपुर सड़क मार्ग द्वारा आसानी से पहुंचा जा सकता है। एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन से टैक्सी और कैब आसानी से मिल जाती हैं।
डेस्टिनेशन वेडिंग की बुकिंग कैसे करें?
अगर आप उम्मेद भवन पैलेस में शादी करना चाहते हैं, तो पहले अपनी पसंदीदा तारीख के लिए उपलब्धता की जानकारी लेनी होगी। इसके बाद होटल की वेडिंग टीम से संपर्क कर पैकेज, मेहमानों की संख्या, सजावट, खानपान और अन्य सुविधाओं पर चर्चा की जाती है। बुकिंग की पुष्टि एडवांस राशि जमा करने के बाद होती है। चूंकि यह दुनिया की लोकप्रिय वेडिंग लोकेशन में शामिल है, इसलिए कई महीने पहले योजना बनाना बेहतर माना जाता है।
