Nautapa Travel Tips: आज से नौतपा की शुरुआत हो चुकी है। यह 2 जून तक चलेगा। माना जात है कि इन नौ दिनों में सबसे अधिक गर्मी होती है। तापमान 50 डिग्री तक पहुंच जाता है। ऐसे में अगर आपने इन 9 दिनों में कहीं घूमने का प्लान किया है तो आपको कुछ खास बातों का ध्यान रखना चाहिए। ये इसलिए भी जरूरी है कि चिलचिलाती धूप, गर्म हवाएं और बढ़ता तापमान सफर को मुश्किल बना सकते हैं। तो अगर आप नौतपा के दौरान घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो अपने बैग में कुछ जरूरी चीजें जरूर रख लें। ये चीजें आपको गर्मी, डिहाइड्रेशन और थकान से बचाने में मदद करेंगी।
नौतपा में घूमने का है प्लान तो रखें ध्यान, बैग में जरूर पैक करें ये 6 सामान
पानी की बोतल रखना बिल्कुल ना भूलें
नौतपा में शरीर में पानी की कमी बहुत तेजी से हो सकती है। इसलिए ट्रैवल के दौरान हमेशा पानी की बोतल साथ रखें। बेहतर होगा कि आप इंसुलेटेड बोतल इस्तेमाल करें ताकि पानी लंबे समय तक ठंडा रहे। सफर के दौरान थोड़ी-थोड़ी देर में पानी पीते रहना जरूरी माना जाता है।
ORS और ग्लूकोज रखें साथ
तेज गर्मी में शरीर से पसीने के जरिए जरूरी मिनरल्स बाहर निकल जाते हैं। ऐसे में ORS या ग्लूकोज के छोटे पैकेट बैग में जरूर रखें। अगर कमजोरी या चक्कर जैसा महसूस हो, तो यह तुरंत राहत देने में मदद कर सकते हैं।
सनस्क्रीन और सनग्लासेस हैं जरूरी
नौतपा की तेज धूप त्वचा और आंखों दोनों को नुकसान पहुंचा सकती है। बाहर निकलने से पहले सनस्क्रीन जरूर लगाएं और बैग में भी रखें ताकि जरूरत पड़ने पर दोबारा इस्तेमाल किया जा सके। साथ ही सनग्लासेस आंखों को धूप और धूल से बचाने में मदद करते हैं।
कॉटन कपड़े और कैप रखें
गर्मियों में हल्के और कॉटन कपड़े पहनना सबसे बेहतर माना जाता है। ये शरीर को ठंडक देते हैं और पसीना जल्दी सोखते हैं। अगर आप लंबे समय तक बाहर रहने वाले हैं, तो बैग में कैप या टोपी जरूर रखें। इससे सिर को सीधी धूप से बचाया जा सकता है।
वेट वाइप्स और छोटा तौलिया रखें
नौतपा की गर्मी में चेहरा और शरीर जल्दी चिपचिपा महसूस होने लगता है। ऐसे में वेट वाइप्स, टिश्यू और छोटा तौलिया काफी काम आता है। इससे आप खुद को फ्रेश महसूस कर सकते हैं और धूल-पसीने से राहत पा सकते हैं।
जरूरी दवाइयां और पावर बैंक रखें
सफर के दौरान सिरदर्द, उल्टी या थकान जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। इसलिए बेसिक दवाइयां साथ रखना जरूरी है। इसके अलावा फोन की बैटरी खत्म ना हो, इसके लिए पावर बैंक भी बैग में जरूर रखें।
अगर आप नौतपा की भीषण गर्मी में ट्रैवल कर रहे हैं, तो इन जरूरी चीजों को अपने बैग में रखना आपकी यात्रा को ज्यादा आरामदायक और सुरक्षित बना सकता है।
