Ranthambhore National Park: राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में स्थित रणथंभौर नेशनल पार्क रोमांच की चाह रखने वाले पर्यटकों के लिए जन्नत से कम नहीं है। भारत के सबसे प्रसिद्ध और रोमांचक टाइगर रिजर्व में से एक रणथंभौर नेशनल पार्क की यात्रा हर मायने में आपके लिए खास होने वाली है। बाघों की उत्कृष्ट साईटिंग से लेकर समृद्ध वन्यजीवन जिसमें तेंदुआ, भालू, सांभर, नीलगाय शामिल हैं को आपको करीब से यहां देखने का मौका मिलेगा।
Ranthambore National Park
अगर आप जंगल की यात्रा करते हुए बाघों को उनके प्राकृतिक आवास में खुले में घूमते हुए देखना चाहते हैं तो रणथंभौर नेशनल पार्क आपकी बकेट लिस्ट में टॉप पर होना चाहिए। वाइल्डलाइफ लवर्स और फोटोग्राफर्स के लिए ये किसी सपने के सच होने जैसा है। इतिहास और प्रकृति का अनूठा संगम भी आपको यहां पर देखने को मिलेगा।
टाइगर सफारी यहां का प्रमुख आकर्षण है। सुबह और शाम दोनों समय यहां जंगल सफारी होती है। जोन 1 से 10 तक रणथंभौर नेशनल पार्क फैला हुआ है जिसमें जोन 2, 3 और 4 बाघ साईटिंग के लिए सबसे फेमस हैं। इसके अलावा आप यहां रणथंभौर किला, पदम तालाब, मलिक तालाब, राजबाग खंडहर के भी दीदार कर सकते हैं।
राजस्थान फॉरेस्ट डिपार्टमेंट की वेबसाइट या अधिकृत एजेंसियों के माध्यम से आप सफारी के लिए ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। जीप में सफारी का मजा लेना अधिक रोमांचक होता है जो 6 सीटर जीप होती है। इसके अलावा अगर आप सस्ते विकल्प की तलाश में हैं तो फिर 20 सीटर कैंटर से भी सफारी का लुत्फ उठा सकते हैं। गर्मी में सफारी टाइमिंग सुबह 6–9:30 और शाम 3–6:30 है वहीं सर्दी में टाइमिंग सुबह 7–10:30 और शाम 2–5:30 है।
