Monsoon Destinations India: मानसून के महीने उन चुनिंदा महीनों में से एक होते हैं जब लोग सबसे ज्यादा बाहर घूमना पसंद करते हैं। लेकिन मानसून में यदि आप पहाड़ों पर घूमने जाना चाहते हैं तो थोड़ी सावधानी बरतनी चाहिए, क्योंकि पहाड़ों पर बारिश के कारण लैंडस्लाइड़ की घटनाएं होती रहती हैं। लेकिन यदि आपको रास्तों की अच्छी समझ है तो बारिश के मौसम में घूमना आपकी ट्रिप को यादगार बना देगा।
Monsoon Destinations in India
यदि आपको बारिश का मौसम पसंद है और हल्की बारिश में भीगना अच्छा लगता है, तो आपको भारत के इन शानदार टूरिस्ट डेस्टिनेशन्स का रुख जरूर करना चाहिए। इन जगहों पर सबसे ज्यादा बारिश होती है और कई जगह तो ऐसी हैं जहां साल के 8 से 10 महीने तक बारिश होती रहती है। तो इस मानसून बनाइए छुट्टियों का प्रोग्राम और निकलिए बारिश का भरपूर लुत्फ उठाने के लिए भारत के कुछ चुनिंदा टूरिस्ट डेस्टिनेशन की ओर।
Monsoon Places in India
पश्चिमी घाट
भारत का पश्चिमी घाट यूनेस्को की विश्व विरासत स्थल सूची में शामिल है। इस घाट की सुंदरता में मानसून के मौसम में और चार चांद लग जाते हैं। हरी-भरी पहाड़ियों, झरनों और धुंध से ढकी पहाड़ों की चोटियां एक बेहद सुंदर दृश्य का निर्माण करती हैं। बारिश के मौसम में पश्चिमी घाट की यात्रा आपको एक शानदार अनुभव कराएगी।
मेघालय की घाटियां
मेघालय जिसे बादलों का घर भी कहा जाता है। मानसून के मौसम में अपनी असली सुंदरता को प्रकट करता है। चारों तरफ हरियाली से भरी घाटियां, गर्जना करते झरने और पेड़ की जड़ों से बने पुल को निहारना एक अद्भुत दृश्य बनाता है। मेघालय में स्थित मानिसराम और चेरापूंजी ऐसे स्थान हैं, जहां दुनिया भर में सबसे ज्यादा वर्षा होती है।
केरल
मानसून के दौरान केरल के जल स्त्रोत बेहद आकर्षण रूप में सामने आते हैं। धीरे-धीरे बहने वाली नहरें और शांत झीलों को बारिश के मौसम में देखना अपने आप में एक शानदार अनुभव देता है। मानसून में घूमने के शौकीन लोगों के लिए केरल का वायनाड एक काफी अच्छी जगह हो सकती है। बारिश के मौसम में यहां आपको झरने, नदियां और धुंध भरी सुबह देखने को मिलेगी।
कोडाइकनाल, तमिलनाडु
कोडाइकनाल तमिलनाडु का ऐसा हिल स्टेशन है जहां आप अपने पार्टनर के साथ मानसून की बारिश में बेहद खूबसूरत नजारों का आनंद ले सकते हैं। यहां कर्स वॉक, बियर शोला फॉल्स, ब्रायंट पार्क, कोडइकनाल झील, ग्रीन वैली व्यू, पिलर्स रॉक और गुना गुफा जैसे कई टूरिस्ट स्पॉट हैं, जो इसे बारिश में घूमने के लिए बेस्ट जगह बनाते हैं। यदि आप कोडाइकनाल घूमना चाहते हैं तो कम से कम 3 दिन का समय निकाल कर चलें।
महाबलेश्वर, महाराष्ट्र
मुंबई के पास स्थित महाबलेश्वर में भी बारिश भरपूर मात्रा में होती है। यहां साल भर में लगभग 5 हजार मिली. बारिश होती है। गर्मी के मौसम में बारिश का आनंद लेना चाहते हैं तो महाबलेश्वर आपके लिए एक परफेक्ट चॉइस हो सकती है। पश्चिमी घाट पर स्थित ये खूबसूरत सा हिल स्टेशन अपनी हरियाली, पहाड़ों और स्ट्रॉबेरी की खेती के लिए प्रसिद्ध है। मुंबई से महाबलेश्वर पहुंचने के लिए आपको 8-10 घंटे का सफर तय करना होगा।
