Rising Tourism In Mizoram: भारत का रत्न मिजोरम घूमने-फिरने का शौक रखने वाले पर्यटकों के लिए जन्नत से कम नहीं है। मिजोरम की गिनती अब भारत के उभरते हुए पर्यटन स्थलों में होने लगी है। मिजोरम में वित्तीय वर्ष 2024-2025 के दौरान पर्यटकों की संख्या में 114% की वृद्धि देखी गई है। मिजोरम जो कभी पर्यटन उद्योग के हाशिये पर था, अब स्थानीय और विदेशी दोनों तरह के पर्यटकों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, फरवरी 2025 तक मिज़ोरम में 469,753 पर्यटक आए यात्रा के लिए आ चुके हैं।
Mizoram Tourism
2023-2024 में यहां 219,114 पर्यटकों ने यात्रा की थी ऐसे में ये संख्या दोगुने से भी ज्यादा है। इस संख्या में 464,742 पर्यटक घरेलू यात्री थे, जबकि 5,011 इंटरनेशनल ट्रैवलर्स हैं। संयुक्त राज्य अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, चीन, जापान और जर्मनी सहित 80 से ज्यादा देशों से यात्रियों ने मिजोरम की यात्रा की है।
मिजोरम में पर्यटन बढ़ने के पीछे का प्रमुख कारण सतत पर्यटन नीति है। साल 2020 में इस राज्य ने सतत पर्यटन नीति लागू की, जिसका उद्देश्य पर्यावरणीय, सामाजिक और आर्थिक दृष्टिकोण से पर्यटन को बढ़ावा देना है। इस नीति के तहत यहां के पर्यटन को काफी ज्यादा बूस्ट मिला है।
इसके अलावा मिजोरम सरकार ने इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास पर भी अपना पूरा फोकस किया हुआ है। पर्यटन सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए यहां परिवहन नेटवर्क और आवासीय सुविधाओं में सुधार किया गया है। ऐसे में पर्यटकों के अनुभव में सुधार देखने को मिला।
