Automobile Free Hill Station In India : महानगरों की भागदौड़ भरी जिंदगी से परेशान होकर भला किसे कुछ पल सुकून और शांति की तलाश नहीं होती है। लोग अपनी इस तलाश में अक्सर पहाड़ों की ओर रुख करते हैं। लेकिन पहाड़ों पर लगातार बढ़ती लोगों की भीड़ ने वहां भी घंटों के जाम लगाने शुरु कर दिए हैं। इसका मतलब आपकी सुकून की तलाश और तनाव की वजह बन सकती है। लेकिन हम आपको एक ऐसा हिल स्टेशन बताएंगे जहां न तो कारों का शोर है, न ही हॉर्न की आवाज। जी हां, महाराष्ट्र का एक खूबसूरत हिल स्टेशन माथेरान (Matheran) देश का इकलौता और अनोखा हिल स्टेशन है, जो पूरी तरह ऑटोमोबाइल फ्री है। आइए जानते हैं इस खूबसूरत हिल स्टेशन के बार में विस्तार से...
क्यों खास है माथेरान?
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में मौजूद माथेरान एक खूबसूरत हिल स्टेशन है। जो समुद्र तल से लगभग 2,600 फीट की ऊंचाई पर बसा है। इतनी ऊंचाई पर होने के बावजूद यहां की खासियत ये हैं कि यहां आने वाले पर्यटक किसी भी प्रकार के वाहन का इस्तेमाल नहीं कर सकते हैं। क्योंकि सरकार ने इस क्षेत्र को 'ईको-सेंसिटिव जोन' घोषित कर रखा है। जिसका अर्थ है कि ऐसे वाहन जो प्रदूषण का कारण बनते हैं, उनकी एंट्री यहां पूरी तरह बैन है।
यह भी पढ़ें - हील्स पहनने से लेकर, इन देशों में है सेल्फी लेने तक की मनाही.. ट्रेवल करने से पहले जान लें दुनिया की अजीबों गरीब ट्रेवल कानून
क्या है ट्रैवलिंग का माध्यम?
यदि आप यहां घूमने का सपना देखते हैं, तो आपको जान लेना चाहिए कि यहां आप अपनी गाड़ी लेकर नहीं जा सकते हैं। यहां घूमने के केवल तीन माध्यम है- पहला पैदल, घोड़ा और टॉय ट्रेन। मुंबई से लगभग 100 किलोमीटर दूर मौजूद इस हिल स्टेशन पर जाने के लिए आपको अपना वाहन एक निश्चित दूरी पर खड़ा करना होगा। जिसके बाद आप घोड़े की सवारी या पैदल चलकर आगे का सफर कर सकते हैं। इसके अलावा माथेरान पहुंचने का सबसे शानदार माध्यम टॉय ट्रेन है, जो एक स्लो लेकिन मजेदार ट्रिप है।
