IRCTC: भारतीय रेलवे की सहायक कंपनी आईआरसीटीसी ने 'GOLDEN TRIANGLE OF ODISHA TOUR' नाम से बेहद ही आकर्षक टूर पैकेज लॉन्च कर दिया है। 6 दिन की ये ट्रिप रहने वाली है। ओडिशा के खूबसूरत गोल्डन ट्रायंगल की यह यात्रा दुर्ग से शुरू होती है। 9 जून 2026 को आपको पहले दिन शाम को दुर्ग रेलवे स्टेशन से ट्रेन में बैठकर पुरी के लिए रवाना होना है। रात का सफर ट्रेन में आराम से बिताएं।
ओडिशा का गोल्डन ट्रायंगल (फोटो: AI)
अगले दिन सुबह पुरी पहुंचने के बाद होटल में चेक-इन किया जाएगा। थोड़ी देर आराम करने के बाद भगवान जगन्नाथ के प्रसिद्ध मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। इसके बाद पुरी बीच पर घूमने और समुद्र की लहरों का आनंद लेने का मौका मिलेगा। शाम को स्थानीय बाजार में खरीदारी कर सकते हैं या अपने मनपसंद तरीके से समय बिता सकते हैं।
तीसरे दिन नाश्ते के बाद चिल्का झील के सतपाड़ा क्षेत्र की सैर के लिए निकलेंगे। यहां नौका विहार का आनंद लिया जा सकता है। समुद्र के मुहाने तक जाने और डॉल्फिन देखने का अवसर भी मिलेगा। प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर इस जगह पर कुछ यादगार पल बिताने के बाद वापस पुरी लौटेंगे।
चौथे दिन होटल से चेक-आउट कर भुवनेश्वर के लिए रवाना होंगे। रास्ते में विश्व प्रसिद्ध कोणार्क सूर्य मंदिर के दर्शन किए जाएंगे। इसके अलावा चंद्रभागा बीच और धौली शांति स्तूप भी देखा जाएगा। शाम तक भुवनेश्वर पहुंचकर होटल में ठहरेंगे।
पांचवें दिन भुवनेश्वर के प्रमुख दर्शनीय स्थलों की सैर होगी। इस दौरान खंडगिरि और उदयगिरि की ऐतिहासिक गुफाएं तथा भगवान शिव को समर्पित लिंगराज मंदिर देखा जाएगा। दिनभर घूमने के बाद शाम को रेलवे स्टेशन पहुंचकर वापसी की ट्रेन में सवार होंगे।
छठे दिन सुबह से दोपहर तक का समय ट्रेन यात्रा में बीतेगा और दोपहर में दुर्ग पहुंचते ही यह शानदार यात्रा सुखद यादों के साथ समाप्त हो जाएगी। यह टूर आध्यात्म, इतिहास, संस्कृति और प्राकृतिक सुंदरता का बेहतरीन संगम है, जो हर यात्री को एक अनूठा अनुभव देता है।
गोर करने वाली बात ये है कि 9 जून के अलावा भी आप अपनी सहूलियत के हिसाब से आने वाले किसी भी मंगलवार के लिए पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। खर्चे की बात करें तो सिंगल शेयरिंग में ये ट्रिप आपको ₹36,865 में पड़ेगी। डबल और ट्रिपल शेयरिंग में किराया क्रमश: ₹20,680 और ₹18,120 तय किया गया है। 5 से 11 साल तक के बच्चों के लिए किराया ₹13,180 है।
आईआरसीटीसी की वेबसाइट या फिर मोबाइल एप्प के माध्यम से आप पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। इस पैकेज का कोड SCBSR19 है। ज्यादा जानकारी के लिए आप आईआरसीटीसी की ऑफिशियल वेबसाइट पर या इन नंबरों पर- 9281030769, 8287932242 संपर्क कर सकते हैं।
