Delhi Blast : देश की राजधानी दिल्ली की लोकप्रिय शॉपिंग व ऐतिहासिक मार्केट चांदनी चौक और लाल किला के आसपास हुए एक बड़े हादसे के बाद स्थिति बदल गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बीते शनिवार शाम करीब 6:55 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन गेट नंबर 1 के पास एक चलती कार में धमाका हुआ, जिसमें कम से कम 8 लोगों की जान गई और कई घायल हुए। इस भीषण हादसे को देखते हुए प्रशासन ने इलाके को अगले आदेश तक बंद कर दिया है। इसलिए यदि आप दिल्ली घूमने और शॉपिंग का प्लान बना रहे हैं, तो आपको जरूरी जानकारी लेनी चाहिए। आइए जानते हैं दिल्ली में घूमने और शॉपिंग के लिए दूसरी जगहें..
शॉपिंग पर असर
देश में इस समय शादियों का सीजन चल रहा है। ऐसे में चांदनी चौक मार्केट का बंद हो जाना एक बड़ी समस्या बन गया है। ऐसे में यदि आप शॉपिंग करना चाहते हैं, तो आपको दिल्ली की इन लोकप्रिय मार्केट का रुख करना चाहिए। जिसमें सरोजिनी नगर, जनपथ, लाजपत नगर और करोल बाग जैसे मार्केट शामिल हैं। ये मार्केट आपकी जरूरत को पूरा करने का बेहतर विकल्प हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें - मां कामाख्या के दर्शन का सुनहरा मौका, IRCTC ने बनाया धार्मिक यात्रा के लिए खास टूर पैकेज
लाल किला भी बंद
लाल किला एक ऐतिहासिक पर्यटन स्थल है, जिसे मुगल काल में सन् 1648 में बनवाया गया था। बलुआ पत्थर से बनी ये भव्य इमारत दिल्ली में यमुना नदी के किनारे है। इस किले की भव्यता को देखने के लिए हर साल हजारों पर्यटक आते हैं। लेकिन दिल्ली ब्लास्ट के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने सुरक्षा कारणों से अगले 3 दिन के लिए लाल किले को बंद करने का निर्णय किया है।
वहीं जब फिलहाल लाल किला बंद है, तो आपको इसकी जगह इंडिया गेट, कुतुब मीनार, हुमायूं का मकबरा और अक्षरधाम मंदिर जैसी जगहों को देखने का प्लान बना लेना चाहिए। प्रशासन का कहना है कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए और सुरक्षा एजेंसियों को जांच में सहयोग करने के उद्देश्य से ये एहतियातन कदम उठाया गया है। जिसके तहत लाल किले को 13 नवंबर तक के लिए बंद कर दिया गया है।
