Sultanpur National Park: दिल्ली-एनसीआर में पक्षी प्रेमियों को बेहद शानदार अनुभव तब हुआ जब उन्होंने Sultanpur National Park में दुर्लभ पक्षी प्रजाति के दीदार किए। बैकल टील (सिबिरियोनेटा फॉर्मोसा) और बाज़ बत्तख (मारेका फाल्काटा) दोनों को देखना अपने आप में एक अनोखा नजारा था। बैकल टील, जिसे आखिरी बार 2013 में सुल्तानपुर में देखा गया था उसने एक दशक से अधिक समय के बाद वापसी की है।
Sultanpur National Park
इसके अलावा बाज़ बत्तख को देखना भी दुर्लभ माना जाता है, पिछले एक दशक में केवल कुछ ही बार इन्हें देखा गया है। 19 साल के लड़के आश्रय कामथ ने सबसे पहले बैकल टील को देखकर पहचाना था। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, 'हम सुल्तानपुर में पक्षी देख रहे थे, दोपहर का समय था जब हमने बत्तखों के झुंड को देखा। उनमें से एक बत्तख बाकियों से बहुत अलग दिख रही थी। इसके चेहरे पर चमकीले पीले निशान थे।'
आश्रय कामथ ने आगे कहा, 'अपरिचित बत्तख की पहचान करने के लिए उत्सुक होकर, मैंने रिसर्च किया और पाया कि यह बैकल टील है, जिसका इस क्षेत्र में दिखना बेहद दुर्लभ है।' पक्षी देखने के शौकीनों के लिए अब ये एक जरूरी स्थान बन गया है।
बता दें कि सुल्तानपुर नेशनल पार्क 200 से अधिक प्रजातियों के पक्षियों का घर है। यह पार्क जलपक्षियों के लिए भी एक आश्रय स्थल है। ग्रेटर फ्लेमिंगो, ब्लैक-नेक्ड स्टॉर्क, यूरेशियन स्पूनबिल और नॉर्दर्न पिंटेल जैसी प्रजातियाँ अक्सर यहां देखी जाती हैं। बैकल टील जैसी दुर्लभ प्रजातियों का दिखना वास्तव में शहर और उसके आसपास के लोगों के लिए एक ख़ुशी की खबर है।
