Top Tourist Destination in Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थल अयोध्या को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। ताजा अपडेट के अनुसार मंदिरों का शहर अयोध्या, 11 करोड़ से अधिक आगंतुकों के साथ उत्तर प्रदेश का टॉप टूरिस्ट प्लेस बन गया है। शहर ने वाराणसी को पछाड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया है। 2024 के पहले छह महीनों में वाराणसी में घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय पर्यटक थोड़े कम रहे।
Ayodhya tourism
शनिवार को राज्य पर्यटन विभाग द्वारा ताजा आकड़ें शेयर किए गए हैं। ये संख्या साल के पहले छह महीनों में राज्य में आने वाले पर्यटकों की है। आंकड़ों में बताया गया है कि इस दौरान यूपी में करीब 33 करोड़ पर्यटक आए। पर्यटन विभाग के अनुसार, अयोध्या ने 10.99 करोड़ आगंतुकों के साथ पहला स्थान हासिल किया।
इसके बाद 4.61 करोड़ पर्यटकों के साथ वाराणसी का नाम है जिसमें 1,33,999 अंतर्राष्ट्रीय यात्री शामिल थे। यूपी में अन्य शीर्ष गंतव्य प्रयागराज, मथुरा और आगरा हैं, जो हर साल लाखों यात्रियों को आकर्षित करते हैं। 2024 के पहले छह महीनों में प्रयागराज में 4,53,94,772 घरेलू और 3,668 विदेशी पर्यटक आए।
इसके बाद मथुरा में 3,07,02,513 घरेलू और 49,619 विदेशी पर्यटक आए। इस बड़े रिकॉर्ड के साथ ही उत्तर प्रदेश अपने पर्यटक आकर्षणों के विकास और बेहतर सुविधाओं के साथ वैश्विक स्तर पर एक टॉप टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है।
