Andhra Pradesh Tourism: भीड़भाड़ से दूर अगर आप ऐसी जगह की तलाश में हैं जहां आपको सुकून मिले तो ये आर्टिकल आपके लिए ही है। हम आपको बताने जा रहे हैं आंध्र प्रदेश के कडपा जिले में स्थित उस अनोखी जगह के बारे में जो इन दिनों ट्रैवलर्स के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है। अगर आप कुछ यूनीक फील चाहते हैं तो गंडीकोटा (Gandikota) आपके लिए एक शानदार विकल्प हो सकता है। यहां का अद्भुत प्राकृतिक नजारा इस जगह को बेहद खास बनाता है जिसकी वजह से अक्सर इसे 'भारत का ग्रैंड कैन्यन' भी कहते हैं।
आंध्र प्रदेश का छिपा हुआ खजाना गंडिकोटा
फोटोग्राफी प्रेमियों के लिए स्वर्ग
फोटोग्राफी प्रेमियों के लिए ये जगह किसी स्वर्ग से कम नहीं हैं। ऊंची-ऊंची चट्टानों के बीच बहती नदी और दूर तक फैले दृश्य आपका मन मोह लेंगे। मालूम हो कि गंडीकोटा की पहचान पेनार नदी के किनारे बनी विशाल घाटी से है। लाखों सालों तक नदी के बहाव ने चट्टानों को काटकर ऐसी शानदार संरचना बनाई है कि पहली नजर में यकीन करना मुश्किल हो जाता है कि यह नजारा भारत में ही मौजूद है। आपको ऐसा लगेगा कि मानो आप विदेश में आ गए हों।
ऐतिहासिक किला
प्राकृतिक सुंदरता तो गंडीकोटा की पहचान है ही साथ ही यहां मौजूद ऐतिहासिक किला भी इसकी खास पहचान है। 13वीं शताब्दी में बना यह किला कई राजवंशों का गवाह रहा है। किले के अंदर बने मंदिर, मस्जिद और पुरानी इमारतें इतिहास के पन्नों को जीवंत कर देती हैं। यहां घूमते हुए ऐसा लगता है जैसे आप समय में पीछे लौट गए हों।
एडवेंचर प्रेमियों के लिए जन्नत
एडवेंचर की चाहर में अगर आप घूमने का प्लान कर रहे हैं तो गंडीकोटा आपको निराश नहीं करेगा। एडवेंचर पसंद करने वालों के लिए ये जगह स्वर्ग से कम नहीं है। यहां आप ट्रेकिंग, रॉक क्लाइंबिंग, कैम्पिंग और कैयाकिंग जैसी गतिविधियों का मजा ले सकते हैं। इसके अलावा घाटी के किनारे बैठकर सूर्योदय और सूर्यास्त देखना ऐसा अनुभव है जिसे लंबे समय तक भुलाया नहीं जा सकता।
घूमने का सबसे अच्छा समय
अब यह अनजानी जगह धीरे-धीरे यात्रियों की बकेट लिस्ट में शामिल हो रही है। यहां आपको प्रकृति, इतिहास और रोमांच का बेहतरीन मेल एक ही जगह पर देखने को मिल जाएगा। अगर आपने घूमने का प्लान कर लिया है तो जान लें कि गंडीकोटा घूमने का सबसे अच्छा समय अक्टूबर से फरवरी के बीच माना जाता है। इस दौरान मौसम सुखद और सुहावना रहता है।
